एटा 08 अक्टूबर उप्रससे। जनपद में मलावन थाना क्षेत्र के निगोह हसनपुर गांव में 23 साल की एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला को बेहोशी की हालत में परिजन एटा मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने मृतका क्षमा (23) पत्नी संतोष के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वे शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने गांव सुल्तानपुर जिले के गुसाईगंज ले गए। वह अपने पति और देवर के साथ निगोह हसनपुर गांव में किराए के मकान में रहती थी और 8 महीने की गर्भवती थी। उसका पति श्री सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करता है।
पति संतोष ने बताया बुधवार को क्षमा घर के काम कर रही थी, तभी वह बाहर बनी सीढ़ियों से गिर गई। इससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। उसे देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
