शाहजहाँपुर।( संजीव गुप्त ) ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से सप्ताहभर चलाए जा रहे जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों की श्रृंखला तीसरे दिन भी जारी रही। रेडक्रॉस के अध्यक्ष जिलाधिकारी महोदय श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन द्वारा संचालित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान आयुर्वेद चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि चरक को साक्षी मानकर शपथ एवं संकल्प लिया कि वे भारतीय चिकित्सा परंपरा आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, उचित आहार-विहार, योग, व्यायाम, दिनचर्या और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि लखनऊ स्थित राजभवन में महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की प्रदेश स्तरीय बैठक में विद्यालयों में सप्ताह में कम से कम एक बार योगाभ्यास कराने की अपेक्षा व्यक्त की गई थी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद दिवस पर रेड क्रॉस ने संकल्प लिया है कि जिला प्रशासन के नेतृत्व और सहयोग से योग एवं आयुर्वेद को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने में अपनी सहयोगी भूमिका निभाएगा। यह कार्य जनपद के रेडक्रॉस के अध्यक्ष जिलाधिकारी महोदय श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य मानव सेवा और जनस्वास्थ्य है। इसी भावना के तहत आयुर्वेद दिवस के कार्यक्रमों में सहयोग करते हुए लोगों को निरोगी जीवन, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और रेड क्रॉस की जनसेवा की भावना मिलकर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को और मजबूत करेगी। चिकित्सकों ने संकल्प लिया कि घर-घर भगवान धन्वंतरि का संदेश पहुंचाने के साथ लोगों को आयुर्वेद के महत्व से जोड़ा जाएगा। विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा औषधीय पौधों के संरक्षण और उनके उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि आयुर्वेद को जनजीवन से जोड़ने का व्यापक अभियान है। इसी उद्देश्य से सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से “घर-घर आयुर्वेद, जन-जन स्वास्थ्य” और “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। ये कार्यक्रम मुख्या चिकित्सा अधिकारी कार्यालय प्रांगण में स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में आयोजित हुआ जिसमे पर नगर के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार जिला चिकत्सालय के डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ एस पी कौशल , डॉ आर पी सक्सेना डॉ हितेश गुप्ता , डॉ रवि सक्सेना, अंशुल फार्मा के संजय अग्रवाल बृजेश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने सबका आभार प्रकट किया
