
शाहजहाँपुर—( संजीव गुप्त) नेट जून 2026 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अमृता सक्सेना व हर्षिता सिंह ने अंग्रेजी विषय में यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। हर्षिता सिंह ने परीक्षा में 300 में से 196 अंक प्राप्त कर 95.83 पर्सेंटाइल हासिल की है एवं अमृता सक्सेना ने 300 में से 176 अंक प्राप्त कर 86.81 पर्सेंटाइल हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ दोनों असिस्टेंट प्रोफेसर पद तथा पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्र हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि अमृता सक्सेना ने स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज से वर्ष 2025 में एम.ए . की परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि हर्षिता सिंह वर्तमान में एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।

उपलब्ध विवरण के अनुसार यूजीसी नेट जून 2026 के लिए अंग्रेजी विषय में कुल 88202 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 52560 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। अमृता व हर्षिता की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, कॉलेज प्राचार्य प्रो आर के आजाद, वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ अनुराग अग्रवाल, विभागाध्यक्ष प्रो शालीन कुमार सिंह, डॉ बरखा सक्सेना, डॉ अरुण कुमार यादव, श्री नीलू कुमार और रचना सहित समस्त शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
