शाहजहाँपुर—(संजीव गुप्त)
*मीट एण्ड ग्रीट अभियान के तहत यातायात पुलिस एवं सीसीटीम की संयुक्त कार्यवाही, 450 वाहनों की चेकिंग कर नियम उल्लंघन पर की गई प्रभावी कार्यवाही ।*
पुलिस दारा सड़क सुरक्षा एवं रात्रिकालीन यात्रा को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ‘मीट एण्ड ग्रीट’ (Meet & Greet) अभियान चलाया जा रहा है।
उक्त अभियान के अंतर्गत दिनांक 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को जनपद की यातायात पुलिस एवं सीसीटीम द्वारा जनपद के 04 टोल प्लाजा पर संयुक्त रूप से चेकिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-730 स्थित हिटौटा टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग-730A स्थित सिबली टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग-731 स्थित महानंदपुर टोल प्लाजा एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-730C स्थित कुदैया टोल प्लाजा पर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान कुल 450 वाहनों की चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 वाहन चालकों, प्रेशर हॉर्न के 42, मोडिफाइड साइलेंसर के 05 तथा हूटर लगे 07 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान रात्रिकालीन एवं लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों तथा विशेषकर महिला यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा एवं सुरक्षा संबंधी फीडबैक लिया गया। साथ ही, आपात स्थिति में त्वरित सहायता हेतु पुलिस आपातकालीन सेवा-112 एवं वीमेन पावर लाइन-1090 के संबंध में जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात द्वारा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि ‘मीट एण्ड ग्रीट’ अभियान का उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं अनुभवों को जानना, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता उपलब्ध होने का विश्वास मजबूत करना है। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
