हाथरस। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादियों की बात को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत की जांच निष्पक्षता और गंभीरता के साथ करते हुए विधिक एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि जनसामान्य की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से सुना और निस्तारित किया जाना पुलिस की प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
