मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में बड़ौत मार्ग पर भैसाना गांव के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रोडवेज बस ने सामने से आ रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बागपत निवासी पिता-पुत्री, कांधला के दो युवक और बुढ़ाना क्षेत्र का एक युवक शामिल है।
बताया गया कि भैसाना गांव के पास रोडवेज बस सामने से आ रही दो बाइकों से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान पांचों की मौत हो गई।
हादसे में बागपत के तमेला गढ़ी निवासी फरमान (25) और उनकी तीन वर्षीय बेटी अल्लो की मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार मोमीन (25) पुत्र मंजूर अहमद, निवासी राजपुर गढ़ी, बुढ़ाना की भी जान चली गई। बताया जा रहा है कि मोमीन, फरमान का बहनोई था।
वहीं दूसरी बाइक पर कांधला, शामली निवासी इदरीश (70) पुत्र गय्यूरा और साजिद (24) पुत्र समयद्दीन सवार थे। दोनों की भी हादसे में मौत हो गई।
