बरेली। जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। किच्छा नदी के तेज बहाव और कटान के चलते करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पानी की टंकी अचानक नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने के बाद टंकी का ढांचा हिलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में टंकी तेजी से झुकी और देखते ही देखते महज चार सेकेंड में पूरा निर्माणाधीन ढांचा नदी में ढह गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय टंकी पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चार दिन पहले भी नदी के तेज बहाव में निर्माण स्थल की बाउंड्रीवॉल बह गई थी। इसके बावजूद कटान को रोकने के लिए किए गए इंतजाम पर्याप्त साबित नहीं हुए। घटना की जानकारी मिलते ही SDM मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। निर्माण की गुणवत्ता और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
