Web News

www.upwebnews.com

एटा में आवारा सांड ने किसान को पटका, घायल किसान की अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत

September 7, 2026

एटा में आवारा सांड ने किसान को पटका, घायल किसान की अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत

एटा 07 सितंबर उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में गांव सरनऊ में आवारा सांड ने एक किसान पर हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गया था। घायल किसान को एटा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया था।

4 सितंबर की देर शाम 49 वर्षीय हरेंद्र सिंह खेत में काम कर रहे थे, तभी सांड ने उन्हें पटक दिया। हमले में हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ में परिजनों ने हरेंद्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आज सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव को वापस एटा ले आए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक के भतीजे नितेश कुमार ने बताया कि उनके चाचा 4 सितंबर को खेतों पर चारा काटने गए थे। तभी आवारा सांड़ ने उन्हें पटक दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया था, जहां आज उनकी मौत हो गई।

मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची थी। परिजन मृतक के शव को गांव ले गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।