Web News

www.upwebnews.com

एटा में प्लॉट विवाद में फायरिंग, वन रक्षक और आर्मी जवान समेत 5 पर रिपोर्ट दर्ज

August 26, 2026

एटा में प्लॉट विवाद में फायरिंग, वन रक्षक और आर्मी जवान समेत 5 पर रिपोर्ट दर्ज

एटा 25 अगस्त उप्रससे। जनपद में सकीट थाना क्षेत्र के गांव डूंगरपुर में प्लॉट के विवाद को लेकर लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की। आज मंगलवार को सोशल मीडिया पर घटना वायरल हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में बदायूं में तैनात एक वन रक्षक और एक आर्मी जवान भी शामिल हैं।

डूंगरपुर गांव निवासी विकास चौहान पुत्र पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव के गौरव चौहान पुत्र ओमप्रकाश से एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि गांव के ही प्रभु शेखर पुत्र मनोज चौहान, सुदेश पुत्र रामप्रताप, प्रशांत पुत्र सुदेश, गुड्डो पत्नी सुदेश और कमलेश पत्नी मनोज ने दबंगई के बल पर प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया।

बताया गया कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया था। हालांकि, शुक्रवार को एक पक्ष ने प्लॉट पर कब्जे का काम शुरू कर दिया, जिसके बाद विवाद दोबारा बढ़ गया। विवाद बढ़ने के दौरान प्रभु शेखर पर अपनी लाइसेंसी रायफल से फायरिंग करने का आरोप है। फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। फायरिंग का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति लाइसेंसी रायफल से खुलेआम फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
विकास चौहान की लिखित शिकायत के आधार पर सकीट पुलिस ने प्रशांत चौहान, प्रभु शेखर, गुड्डो, वनरक्षक शशांक और आर्मी जवान शेखर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोपियों पर फोन के जरिए धमकी देने और ‘लाशें बिछाने’ की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सकीट थाना प्रभारी मधु दुबे ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।