Posted on 24/08/2026
Time 12:55 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
27 अगस्त की मध्यरात्रि से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक मिलेगी सुविधा, 40 एसी और 20 इलेक्ट्रिक एसी बसें भी शामिल
गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने राज्य में महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ाने की घोषणा की है। अब महिला यात्री 27 अगस्त की मध्यरात्रि से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इस दौरान महिला यात्री एक सहयोगी के साथ भी निशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद गोरखपुर डिपो ने भी विशेष तैयारी शुरू कर दी है।
गोरखपुर डिपो के स्टेशन प्रभारी नीरज कुमार मणि ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर गोरखपुर डिपो से लगभग 800 बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें 40 एसी बसें और 20 एसी इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय रूटों पर बसें यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो से तीन फेरे लगाएंगी। वहीं दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत लंबी दूरी के सभी प्रमुख रूटों पर भी महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाने की संभावना को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निशुल्क यात्रा की इस सुविधा से गोरखपुर और आसपास के जिलों की महिला यात्रियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।
