Web News

www.upwebnews.com

रसोइयों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सौगात

August 23, 2026

रसोइयों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सौगात

*कैशलेस चिकित्सा कार्ड पाकर खिले चेहरे, परिवहन मंत्री बोले—रसोइयों का योगदान अमूल्य*

बलिया। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में रविवार को पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के तहत परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइयों ने हिस्सा लिया। लखनऊ से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के हित और सम्मान के लिए काम कर रही है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने अब उनके स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र रसोइयों और उनके परिवार को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। बीमारी के समय उपचार का खर्च गरीब और सामान्य परिवारों के लिए बड़ी चिंता होता है। ऐसे में यह सुविधा रसोइयों और उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

*लखनऊ से हुआ राज्यव्यापी शुभारंभ*

रसोइयों के लिए इस अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया। प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया। बलिया में भी रसोइयों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर रसोइयों में खासा उत्साह नजर आया। रसोइयों ने कहा कि चिकित्सा सुविधा मिलने से बीमारी की स्थिति में इलाज के खर्च को लेकर होने वाली आर्थिक परेशानी काफी हद तक कम होगी।

*बच्चों के पोषण में अहम भूमिका*

परिवहन मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में रसोइया केवल भोजन तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी भी निभाती हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उसे समय से उपलब्ध कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उनके इस योगदान का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली रसोइयों को सम्मानित किया। पात्र रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। कार्ड मिलने के बाद रसोइयों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

*परिवार को भी मिलेगा लाभ*

योजना की खास बात यह है कि पात्रता के अनुसार चिकित्सा सुविधा रसोइयों के परिवार को भी मिल सकेगी। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल रसोइयों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के साथ उनके सम्मान को भी मजबूत करेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, बीएसए मनीष कुमार सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।