नई दिल्ली 19 अगस्त 2026, भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने आज केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को भारत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि केंद्र और क्षेत्रीय सरकारों ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
श्री गोर जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के श्रीनगर स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक को सकारात्मक बताया और कहा कि दोनों पक्षों ने भविष्य में आगे बढ़ने के लिए कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों की पहचान की है।
जम्मू-कश्मीर के लिए अमरीकी यात्रा निर्देशिका के संबंध में, श्री गोर ने कहा कि हालांकि आज कोई औपचारिक घोषणा नहीं की जा सकती, लेकिन नई दिल्ली और स्थानीय सरकार के प्रयासों से सुरक्षा में सुधार हुआ है, इसलिए यात्रा सलाह में जोखिम को कम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई अमरीकी नागरिक कश्मीर की यात्रा करना चाहेंगे क्योंकि यह एक बहुत ही सुंदर स्थान है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही और भारत-अमरीका संबंधों और उन क्षेत्रों पर केंद्रित थी जहां अमरीकी सरोकार जम्मू-कश्मीर के साथ जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में सकारात्मक जुड़ाव और भविष्य में सहयोग पर बल दिया गया।
