Web News

www.upwebnews.com

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा कांवड़ ड्यूटी, बैरियर एवं प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण

August 18, 2026

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा कांवड़ ड्यूटी, बैरियर एवं प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण

शाहजहांपुर — ( संजीव गुप्त द्वारा )
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कांवड़ ड्यूटी, बैरियर ड्यूटी एवं प्रमुख कांवड़ मार्गों पर तैनात पुलिस बल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा तथा उनके सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई।
कांवड़ यात्रियों से एक साथ एवं अनुशासित होकर यात्रा करने, निर्धारित कांवड़ मार्ग का पालन करने तथा यात्रा के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त वाहन चालकों को कांवड़ मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने हेतु जागरूक किया गया। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले कांवड़ यात्रियों को पुलिस बल की निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ उनके गंतव्य की ओर सकुशल रवाना कराया जा रहा है।
जनपद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध रहते हुए कांवड़ मार्गों, बैरियरों एवं संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।