एटा 17 अगस्त उप्रससे। जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर से एक 17 वर्षीय किशोर का शव तैरता हुआ मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त होने के बाद परिजन एटा स्थित मोर्चरी पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय धीरज तीन दिन पहले अपने दोस्तों के साथ कासगंज जनपद के नदरई स्थित नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह डूब गया था। घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और गोताखोर स्टीमर की मदद से नहर में धीरज की तलाश कर रहे थे।
तीन दिन की तलाश के बाद धीरज का शव पिलुआ थाना क्षेत्र की सुन्ना नहर में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बाबा राजवीर सिंह ने बताया कि उनका नाती धीरज तीन दिन पहले दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था और वहीं डूब गया था। गोताखोर उसकी तलाश कर रहे थे, और आज उसका शव पिलुआ थाना क्षेत्र की सुन्ना नहर में मिला है।
पिलुआ थाना प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
