Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा यात्रा अभियान’ का भव्य शुभारंभ, तिरंगा यात्रा में CM योगी के साथ उमड़ा जनसैलाब

August 10, 2026

गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा यात्रा अभियान’ का भव्य शुभारंभ, तिरंगा यात्रा में CM योगी के साथ उमड़ा जनसैलाब

Posted on 10/08/2026
Time 12:55 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा यात्रा अभियान’ का सोमवार को गोरखपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा की शुरुआत की और स्वयं यात्रा का नेतृत्व करते हुए शहरवासियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भरा।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप की मूर्तियों पर भी पुष्प अर्पित कर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को नमन किया। इस दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
लगभग तीन किलोमीटर तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रानी लक्ष्मीबाई पार्क से काली मंदिर, गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक निकाली गई। यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हजारों हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। यात्रा के दौरान नगर निगम, गोलघर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में देशभक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा के मार्ग में 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों और व्यापारिक समूहों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सांसद-विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और तिरंगा यात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। तिरंगा यात्रा के पूरे मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में एडीजी जोन, डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ, एसपी सिटी, एसपी नार्थ, एडीएम सिटी, सीआरओ, एडीएम प्रशासन, अपर नगर आयुक्त, एसडीएम सदर और तहसीलदार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा गैर जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया था। अधिकारियों की लगातार निगरानी के बीच तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के इस भव्य आगाज ने शहरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का नया उत्साह भर दिया। आयोजन के दौरान उमड़ा जनसैलाब और हाथों में लहराता तिरंगा शहर में देशभक्ति की मजबूत तस्वीर पेश करता नजर आया।