Web News

www.upwebnews.com

ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय मासूम कांवरिया की मौत

August 10, 2026

ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय मासूम कांवरिया की मौत

मितौली खीरी। कांवड़ भरकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र के पास ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मितौली थाना क्षेत्र के ढहर गांव के ग्रामीण शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्राली से कन्नौज स्थित मेहंदीघाट कांवड़ भरने के लिए गए थे। ग्रामीणों के साथ गांव निवासी रामलखन का छह वर्षीय पुत्र हैप्पी भी गया था। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं द्वारा पड़ोसी गांव रामखेड़ा निवासी अवधेश का ट्रैक्टर-ट्राली कांवड़ यात्रा के लिए लिया गया था। ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रालियां जुड़ी हुई थीं।कांवड़ भरने के बाद श्रद्धालु वापस गोला गोकर्ण नाथ के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र के पास चलती ट्रैक्टर-ट्राली से मासूम हैप्पी अचानक नीचे गिर गया और ट्राली की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद साथ चल रहे कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं ने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर जिला मुख्यालय भेज दिया।बताया जा रहा है कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली, चालक तथा साथ में मौजूद कांवड़ियों से पूछताछ के बाद उन्हें वापस घर भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मासूम का शव गांव नहीं पहुंचा था।उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मासूम के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छह वर्षीय बच्चे की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण भी घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं।हादसे ने कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।