13 सितंबर को मुजफ्फरपुर में होगी महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी
- लखनऊ , 07 August अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित नियमों को वापस लेने की मांग की है। महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर और चयन प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए। इस संबंध में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी 13 सितंबर को बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित होटल परमवीर सभागार में आयोजित होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने कार्यक्रम की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा भारत के संविधान का अनुच्छेद 14 समानता का अधिकार देता है, लेकिन आज देश में हर राजनीतिक दल के निशाने पर अगड़ा समाज, खासकर क्षत्रिय वर्ग है। उन्होंने इस सिलसिले में 20 सितंबर को आगरा में होने वाले शक्ति सम्मेलन की भी जानकारी दी और कहा कि यह सनातन संस्कृति को बचाने हेतु ऐतिहासिक खुला अधिवेशन शक्ति सम्मेलन होगा। इस दौरान खाड़ी से पहाड़ी तक सामूहिक एकता का अभियान चलेगा।
बैठक में मुख्य मुद्दे आरक्षण सिर्फ गरीबों को मिले, यूजीसी के प्रस्तावित नियम वापस हो, 50 वर्ष आयु वाले गरीबों को आयुष्मान कार्ड सुविधा मिले, ईडब्ल्यूएस में सुधार तथा एससी, एसटी ऐक्ट के दुरुपयोग पर रोक पर चर्चा हुई। राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि पद और कद का उपयोग तभी है जब हम लक्ष्य पर निकलें। प्रधानमंत्री मोदी भी आत्मनिर्भर बनने की सलाह देते हैं। अब देशवासियों को आत्मनिर्भर कैसे बनाया जाए, इस पर मंथन होगा। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंकज सिंह, पप्पू सिंह, मदन प्रसाद सिंह, सुनील कुमार सिंह ने सभी पदाधिकारियों से 13 सितम्बर को वीरों की धरती, बिहार पधारने की अपील की है।

