Web News

www.upwebnews.com

वेतन न मिलने से भुखमरी की कगार पर सफाईकर्मी, सोमवार से हड़ताल का अल्टीमेटम

August 8, 2026

वेतन न मिलने से भुखमरी की कगार पर सफाईकर्मी, सोमवार से हड़ताल का अल्टीमेटम

लखीमपुर खीरी:जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय में तैनात स्वीपर, माली व अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। मात्र 7500 रुपये के मानदेय पर काम करने वाले इन कर्मचारियों का परिवार अब गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के घरों में राशन संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, मकान का किराया और बिजली बिल जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।परेशान कर्मचारियों ने अस्पताल अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल्द से जल्द मानदेय जारी करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ, तो वे सोमवार से काम पूरी तरह बंद कर देंगे। प्रार्थना पत्र देने वालों में मुख्य रूप से दीपू सिंह, गोविंद, सुनीता और राजकुमारी शामिल हैं।
इस संबंध में जब मुख्य सुपरवाइजर अखिलेश से बात की गई, तो उन्होंने बजट न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि वेतन न मिलने के बावजूद पीएफ का पैसा कैसे जमा हो रहा है, तो उन्होंने स्वीकार किया कि कंपनी केवल पीएफ का भुगतान कर रही है ताकि उस पर कोई कानूनी कार्रवाई न हो सके। कर्मचारियों ने प्रशासन से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर वेतन दिलाने की गुहार लगाई है।