सीतापुर, 5 अगस्त 2026:उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में स्कूली बच्चों के भोजन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विकास खंड महमूदाबाद के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय छँगापुर की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना वर्मा को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी महमूदाबाद द्वारा 5 अगस्त 2026 को सौंपे गए औचक निरीक्षण और जांच रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई है। जांच में पाया गया कि विद्यालय में:मध्याह्न भोजन में परोसी जाने वाली सब्जी की गुणवत्ता अक्सर खराब रहती थी।छात्रों को मैन्यू के अनुसार निर्धारित पूरी मात्रा में दूध का वितरण नहीं किया जा रहा था।बच्चों को व्यवस्थित तरीके से बैठाकर भोजन ग्रहण कराने में लापरवाही बरती जा रही थी।
सरकारी आदेश के अनुसार, प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को अपने शासकीय दायित्वों का ठीक से निर्वहन न करने, विभागीय आदेशों व निर्देशों की अवहेलना करने, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता का प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। यह कार्रवाई ‘उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली 1999’ के तहत की गई है।इस पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (पहला)पुष्पराज सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे आरोपी कर्मचारी को आरोप पत्र जारी कर, साक्ष्यों के साथ 1 माह के भीतर स्पष्ट और तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट कार्यालय को सौंपें।
निलंबन के दौरान श्रीमती कल्पना वर्मा को वित्तीय हस्तपुस्तिका के नियमों के तहत केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।इस अवधि के दौरान उनका संबद्धीकरण प्राथमिक विद्यालय नदवा, विकास खंड महमूदाबाद तय किया गया है, जहां उन्हें अपनी दैनिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
