हाथरस। गांव रुदायन में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चहुं ओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस अवसर पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए तड़के से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। गांव में उस समय माहौल और भी भावुक और भक्तिमय हो गया, जब गांव का ही दीपक शर्मा का 15 वर्षीय किशोर विट्टू शर्मा राजघाट से पैदल कांवड़ लेकर गांव पहुंचा। इतनी कम उम्र में कठिन पैदल यात्रा तय कर जल लाने वाले इस नन्हे शिवभक्त के उत्साह और अटूट श्रद्धा की ग्रामीणों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। गांव की सीमा में प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा के साथ कांवड़िया किशोर बिट्टू शर्मा का भव्य स्वागत किया। राजघाट से लाए गए पवित्र गंगाजल से किशोर ने गांव के प्राचीन बूढ़े महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए गांव के अन्य शिवालयों में भगवान का जलाभिषेक किया। शिव भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और फल अर्पित किए। सावन के पहले सोमवार को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन गांव और आसपास का माहौल भक्ति के रंगों में रंगा रहा।

