Web News

www.upwebnews.com

अनुबंधित बस यूनियन के पदाधिकारीयों ने दिया ज्ञापन फिर भी बंद नहीं हुआ अवैध बसों का संचालन

August 1, 2026

अनुबंधित बस यूनियन के पदाधिकारीयों ने दिया ज्ञापन फिर भी बंद नहीं हुआ अवैध बसों का संचालन

डग्गामार वाहनों के खिलाफ बस ऑपरेटरों का अल्टीमेटम,4 अगस्त से चक्का जाम की चेतावनी

लखीमपुर खीरी।जनपद में अवैध रूप से संचालित डग्गामार बसों और टैक्सियों के खिलाफ अनुबंधित बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।अनुबंधित बस यूनियन के पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार गुप्ता और संरक्षक प्रेम प्रकाश बाजपेई द्वारा एसोसिएशन के अन्य सदस्यों ने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सहित ए आर एम गीता सिंह को पत्र सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि इन अवैध वाहनों का संचालन तुरंत बंद नहीं कराया गया, तो वे 4 अगस्त 2026 से अपनी गाड़ियों का संचालन पूरी तरह बंद कर देंगे।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा लखीमपुर डिपो से लखीमपुर, लखनऊ, गोला, धौरहरा आदि राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अनुबंधित बसों के संचालन की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद, पिछले कुछ वर्षों से इन मार्गों पर अवैध रूप से डग्गामार वाहन कब्जा जमाए हुए हैं। ये वाहन कम किराए का प्रलोभन देकर यात्रियों को एल.आर.पी. रोड, राजापुर आदि मुख्य स्थानों से अवैध रूप से लेकर जाते हैं।

प्रशासन की ढिलाई से बस स्वामियों को भारी आर्थिक नुकसान

बस ऑपरेटर्स का आरोप है कि इस संबंध में जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है। प्रशासन कार्रवाई के नाम पर महज दो-चार दिन डग्गामार वाहनों को बंद कराता है, लेकिन उसके बाद इनका संचालन फिर से धड़ल्ले से शुरू हो जाता है। वैध रूप से टैक्स और नियमों का पालन करने वाले अनुबंधित बस स्वामियों को यात्री न मिलने के कारण भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने इन डग्गामार वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध नहीं लगाया, तो विवश होकर समस्त बस स्वामी 04 अगस्त 2026 से अपनी वाहनों का पहिया जाम कर देंगे। इस हड़ताल या संचालन ठप होने की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस पत्र की प्रतियां जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी रोडवेज लखीमपुर डिपो को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं।इस सम्बन्ध में परिवहन विभाग के अधिकारी शांति भूषण पांडे ने कहा कि अनुबंधित बस यूनियन के द्वारा ज्ञापन प्राप्त हुआ है जिले में अवैध वाहनों पर कार्रवाई की जा रहीं है।बैठक में यूनियन अध्यक्ष श्रवण गुप्ता सहित रितेश श्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश बाजपेई, प्रदीप पटेल, गुल्लू राना, के.सी. मिश्रा, मुदित, नैतिक, शैलेंद्र शर्मा एवं अन्य वाहन स्वामी उपस्थित रहे।