Web News

www.upwebnews.com

हाथरस की रबड़ी को मिलेगी नई उड़ान, ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ कार्यशाला में ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर मंथन

July 31, 2026

हाथरस की रबड़ी को मिलेगी नई उड़ान, ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ कार्यशाला में ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर मंथन

विशेषज्ञों ने बताया वैश्विक बाजार तक पहुंचने का रास्ता, 150 से अधिक उद्यमियों ने लिया प्रशिक्षण

फोटो -कार्यक्रम में उपस्थित पालिकाध्यक्ष स्वेता चौधरी

हाथरस। हाथरस की पहचान बन चुकी प्रसिद्ध रबड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। श्री कैला फार्म में आयोजित ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ विषयक कार्यशाला में रबड़ी की गुणवत्ता, आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को लेकर व्यापक मंथन हुआ। कार्यशाला में रबड़ी कारोबार से जुड़े करीब 150 उद्यमियों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से आधुनिक तकनीकों और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने की। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार ने करते हुए ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस योजना का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दिलाकर उद्यमियों को रोजगार और व्यापार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार तथा भारतीय पैकेजिंग संस्थान, लखनऊ से आए विशेषज्ञ डॉ. शिवी केसरवानी, डॉ. प्रवीण के. दुबे और अश्वनी ने उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा मानकों, ब्रांड निर्माण, विपणन रणनीति तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि यदि हाथरस की रबड़ी को बेहतर पैकेजिंग और मानकीकरण के साथ बाजार में उतारा जाए तो यह देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना सकती है।कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हाथरस की रबड़ी जिले की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत का हिस्सा है। सरकार इस पारंपरिक उत्पाद को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और उद्यमियों को उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधि देवेंद्र मोहता, राकेश बंसल, प्रदीप गोयल, आशीष बंसल, हरिओम वार्ष्णेय, कृष्णा वार्ष्णेय हन्नो लाला रवड़ी  , देवेंद्र मिष्ठान भंडार, मनीष गुप्ता, सौरभ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में रबड़ी एवं पैकेजिंग उद्योग से जुड़े उद्यमी उपस्थित रहे।कार्यशाला के दौरान उद्यमियों ने पैकेजिंग, गुणवत्ता और विपणन से जुड़े अपने प्रश्न विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। अंत में उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया।