लखीमपुर खीरी।आवास विकास नहर पट्टी पर पिछले एक साल से लटके नाला निर्माण कार्य और उसमें बढ़ती जा रही घोर लापरवाही को लेकर सदर विधायक योगेश वर्मा का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार मिल रही जनशिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधायक योगेश वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव अचानक औचक निरीक्षण करने मौके पर पहुंच गए।
निर्माण कार्य की बेहद खराब गुणवत्ता को देखकर विधायक खुद को रोक नहीं पाए। वे हाथ में फीता लेकर खुद ही नाले के भीतर उतर गए और उसकी नपाई शुरू कर दी। जांच में नाले का आकार और निर्माण सामग्री पूरी तरह मानक के विपरीत पाई गई। जल निगम द्वारा कराए जा रहे इस काम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लापरवाही देखकर विधायक ने भारी नाराजगी जाहिर की।
अधिकारियों की लगाई क्लास, जांच के आदेश
सदर विधायक योगेश वर्मा ने मौके से ही फोन पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार की कड़ाई से जांच करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाला निर्माण का काम तुरंत गुणवत्ता के साथ शुरू किया जाए और बंद पड़ी नहर पट्टी के रास्ते को आम जनता के लिए जल्द से जल्द सुचारु बनाया जाए।
साल भर से परेशान हैं मोहल्लेवासी
आवास विकास नहर पट्टी से लगा यह नाला पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अधूरा पड़ा है। इसके कारण एक तरफ का पूरा रास्ता बंद है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक के इस कड़े रुख और त्वरित ऐक्शन को देखकर अब स्थानीय जनता में जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

