मथुरा। थाना कोसीकलां पुलिस ने ग्राम ऐंच स्थित शासन द्वारा संचालित अस्थायी गौशाला से गौवंश ले जाने और कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल करने की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को ग्राम ऐंच की अस्थायी गौशाला में तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद आरोपियों ने गौवंशों को ले जाने की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।
इसी क्रम में थाना कोसीकलां पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), छह जिंदा कारतूस (.315 बोर), चार खोखा कारतूस (.315 बोर), बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो रस्से तथा ₹9,000 नकद बरामद किए गए।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी छाता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

