Web News

www.upwebnews.com

लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित हुई महावन बांगर ग्राम पंचायत

July 26, 2026

लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित हुई महावन बांगर ग्राम पंचायत

मथुरा। पाञ्चजन्य सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर को उत्कृष्ट विकास कार्यों, नवाचारों एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत ने जनपद मथुरा में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि अपने नाम की।
समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) चिंटू कुमार कुन्तल को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह (आईएएस) ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी की अध्यक्षता में विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट तथा विधायक राजेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता (आईएएस), जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे तथा जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने भी पुरस्कार प्रदान कर टीम का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक अरुण कुमार उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान, सचिव, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह सम्मान ग्राम पंचायत महावन बांगर में हुए समग्र विकास, स्वच्छता, जनसहभागिता और पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत की यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बनी है।