मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे मजदूर दंपती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद और मंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
