Web News

www.upwebnews.com

जिला महिला अस्पताल में बदल दिया नवजात शिशु, जांच के आदेश

August 19, 2026

जिला महिला अस्पताल में बदल दिया नवजात शिशु, जांच के आदेश

मैनपुरी। जिला महिला चिकित्सालय में नवजात बच्चे को बदलने की घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मामला एसएनसीयू अनुभाग से जुड़ा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।
जिला महिला चिकित्सालय, मैनपुरी से सामने आए इस मामले में एसएनसीयू अनुभाग में बच्चे के बदलने की घटना का उल्लेख किया गया है।अस्पताल प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच अधिकारी नामित किए हैं।
जारी पत्र के मुताबिक, घटना से अस्पताल और संबंधित विभाग की छवि धूमिल होने की आशंका को देखते हुए जांच कराई जा रही है। जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट दो दिन के भीतर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान प्रकरण से जुड़े सभी संबंधित स्टाफ को बुलाकर उनका पक्ष जांच अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराया जाए। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।  रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

झाड़ियों से अचानक निकले सियार से टकराईं दो बाइकें, वृद्ध की मौत व तीन गंभीर

बरवर-खीरी। बरवर-जाहानीखेड़ा मार्ग पर बुधवार को सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों की वजह से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ना सेंटर के पास झाड़ियों से अचानक एक सियार सड़क पर आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना मितौली के गांव लल्लौआ निवासी अनिल पुत्र दयाराम और छोटे पुत्र गेंदई अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से थाना पसगवां के गांव चंदिला निवासी जुनैद पुत्र नईम और मुमताज पुत्र शाहिद दूसरी बाइक से आ रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें गन्ना सेंटर के पास पहुंचीं, सड़क किनारे उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों से अचानक एक सियार निकलकर सामने आ गया। अनियंत्रित होकर दोनों वाहन आपस में जोरदार तरीके से टकरा गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदी भिजवाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने 60 वर्षीय छोटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिल, जुनैद और मुमताज की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन और जीव-जंतु दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।बरवर चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह से इस बात की जानकारी लेने पर बताया की घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल प्रभाव से पहुंचे और चारों घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस से मोहम्मदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज गया

भाजपा जिला पंचायत सदस्य को जान से मारने की धमकी का आरोप, सुरक्षा की मांग

मितौली, खीरी मुरासा स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्रा के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर भाजपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य सुरेश चन्द्र पुष्कर को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है। मामले की जानकारी के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। जिला पंचायत सदस्य और उनके समर्थकों ने सुरक्षा की मांग की है।

बताया गया कि जिला पंचायत सदस्य की पोती मुरासा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात शिक्षा मित्र रामकिशोर ने छात्रा के साथ कथित रूप से मारपीट की। जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य ने मामले पर आपत्ति जताते हुए शिकायत की।

आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर शिक्षा मित्र ने जिला पंचायत सदस्य को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा जिला पंचायत सदस्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हालांकि, धमकी और छात्रा के साथ मारपीट के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों मामलों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

**अभी तहरीर नहीं मिली : थाना प्रभारी**

मितौली थाना प्रभारी महेश पाठक ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बाराबंकी फोटोग्राफर एसोसिएशन ने संरक्षको को किया सम्मानित

कार्यालय परिसर किया गया वृक्षारोपण
बाराबंकी। बुधवार को विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बाराबंकी फोटोग्राफर एसोसिएशन के तत्वाधान में शहावपुर में स्थित कार्यालय पर वृक्षारोपण एवं गोष्ठी का आयोजन संरक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव तथा गिरीश अरोड़ा की अध्यक्षता में किया गया।
गोष्टी से पूर्व एसोसिएशन के संरक्षको द्वारा जिला अध्यक्ष अखिल जायसवाल, महामंत्री चमन भारती, कोषाध्यक्ष विमलेश बाजपेई, संजय मिश्रा, हेमू मिश्रा, राजन सोनी, अश्वनी वर्मा, उमेश कुमार, दिलीप यादव, रिंकू सोनी, अनिल मौर्या,राकेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से कार्यालय परिसर में नीम, जामुन तथा आवंला के पौधों का वृक्षारोपण करके उनकी देखभाल की जिम्मेदारी ली। वृक्षारोपण के उपरांत एसोसिएशन के पदाधिकारियो द्वारा संरक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव तथा गिरीश अरोड़ा का माल्यार्पण कर अंग वस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे संरक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में विश्व फोटोग्राफी दिवस की सभी फोटोग्राफरों को बधाई देते हुए कहा कि भारत में फोटोग्राफी की शुरुआत 1840 के दशक में ब्रिटिश शासन के दौरान हुई थी। वर्ष 1839 में यूरोप में डैगरेओटाइप तकनीक के आने के तुरंत बाद कैमरे और इससे जुड़े उपकरण भारत पहुंचने लगे थे। शुरुआत में अंग्रेजों और सैन्य अधिकारियों ने यहाँ के स्मारकों, भूदृश्यों और लोगों की तस्वीरें लीं। उन्होंने संगठन की एकता के लिए हर माह बैठक करने का सुझाव दिया जिससे फोटोग्राफरों में भाईचारा एवं एकजुटता बनी रहेगी।
वही संरक्षक गिरीश अरोड़ा ने
विश्व फोटोग्राफी दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर साल 19 अगस्त को मनाया जाता है। शुरुआती फोटोग्राफी तकनीक के आविष्कार और प्रचार की याद में मनाया जाता है, जिसे 19 अगस्त 1839 को फ्रांस सरकार ने दुनिया के लिए एक उपहार घोषित किया था।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल जायसवाल तथा चमन भारतीय ने संयुक्त रूप से उपस्थित फोटोग्राफरों को फोटोग्राफी संबंधी चार मूल बातें बताई जिसमे कंपोजिशन , लाइटिंग सब्जेक्ट और एक्सपोज़र की तकनीकी जानकारी दी।

फिरोजाबाद के नसिया जैन मंदिर में मुनि के साथ मारपीट

Breaking News UP Web News

मारपीट का  वीडियो सामने आया, समाज में आक्रोश

फिरोजाबाद , 19 अगस्त 2026,  कोटला रोड स्थित श्रीदिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को चातुर्मास कर रहे जैन मुनि एकत्व सागर महाराज के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना के बाद जैन समाज में आक्रोश फैल गया। विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि मंदिर परिसर में श्रीपार्श्वनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक और श्रीपार्श्वनाथ विधान आयोजित होना है। इसी कार्यक्रम से संबंधित बैनर मुनि अमित सागर महाराज के समर्थकों की ओर से लगाया जा रहा था। आरोप है कि यह बैनर मुनि एकत्व सागर महाराज के चातुर्मास से संबंधित बैनर के ऊपर लगाया जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद की शुरुआत हुई।
मुनि एकत्व सागर महाराज को जब बैनर लगाए जाने की जानकारी मिली तो वे अपने कक्ष से बाहर आए। उन्होंने बैनर को किसी अन्य स्थान पर लगाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विरोध बढ़ने पर मुनि के साथ हाथापाई की गई।
विवाद के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब आरोप है कि दूसरे कक्ष से निकले एक युवक ने जमीन पर रखी ईंट उठा ली और मुनि की ओर हमला करने की कोशिश की कमेटी के लोग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे जहां पुलिस अधीक्षक ने जांच करने के आदेश दिए

« Newer PostsOlder Posts »