Web News

www.upwebnews.com

बलिया में गैस एजेंसी के कैशियर को मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट ले गये बाइक सवार बदमाश

August 26, 2026

बलिया में गैस एजेंसी के कैशियर को मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट ले गये बाइक सवार बदमाश

बलिया : चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के महरेव गांव स्थित गैस एजेंसी के कैशियर पर हमला कर नकाबपोश बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी (दक्षिणी) संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और स्वाट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। सोमवार की रात एजेंसी बंद कर कैशियर उपेंद्र कुमार बाइक से अपने घर हैबतपुर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोककर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

पीड़ित कैशियर से सूचना मिलते ही चितबड़ागांव थाना पुलिस के साथ पुलिस अफसर पहुंच गये। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित कैशियर से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। देर रात कैशियर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एएसपी संजय वर्मा ने कहा कि भारत गैस एजेंसी चितबड़ागांव के कैशियर उपेन्द्र कुमार पुत्र दुखन राम (निवासी हैबतपुर, थाना कोतवाली, बलिया) सोमवार की रात एजेंसी से अपने घर रहे थे, तभी रास्ते में पानी प्लांट के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा उनकी बाइक रोककर उनकी डिग्गी से एक लाख 22 हजार रूपए छीनकर ले जाने की घटना कारित की गई है। वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना के अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया है।

नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल अब दूर करेगा आयुष्मान कार्ड की खामियां- सीएमओ

आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां सुधारना हुआ आसान: नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू, सीएचसी व जिला अस्पताल में होगा संशोधन

उ प्र समाचार सेवा
​लखीमपुर खीरी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यदि आपके आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता या मोबाइल नंबर जैसी कोई तकनीकी विसंगति दर्ज हो गई है, तो उसे अब आसानी से सुधारा जा सकेगा। सरकार ने ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया है, जिससे कार्डधारक के स्वयं के नाम को छोड़कर बाकी सभी त्रुटियों को दुरुस्त कराया जा सकता है।

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज डेटा और आधार व राशन कार्ड के विवरण में 80 फीसदी तक समानता होना जरूरी होता है। कई बार नाम की स्पेलिंग, पिता के नाम या उम्र में मामूली अंतर होने के कारण सिस्टम कार्ड जेनरेट नहीं कर पाता था और पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे। इस नए पोर्टल की मदद से अब इन विसंगतियों को ठीक किया जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी तुरंत बन सकेंगे।
​संशोधन की सुविधा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय पर यह सुविधा मिल सकेगी।

*​आधार व राशन कार्ड लेकर पहुंचें केंद्र*

सीएमओ ने बताया कि लाभार्थी अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जा सकते हैं। वहां तैनात ऑपरेटर पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

*​इन विवरणों में करा सकते हैं बदलाव*

​जन्मतिथि एवं आयु
​जेंडर (महिला/पुरुष)
​पिता अथवा पति का नाम
​मोबाइल नंबर एवं आवासीय पता

गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़, चोरी के आरोपी के पैर में लगी गोली, आभूषण और नकदी बरामद

Posted on 25/08/2026
Time 08:55 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मो. शहजादे घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी के 4 कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का हार और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नियाज अहमद समेत एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सूबेदार-राजदेवी अवधी सम्मान 31 अगस्त को

लखनऊ, सूबेदार-राजदेवी अवधी सम्मान-2026 समारोह 31 अगस्त को आयोजित होगा। समारोह इस आर इंस्टीट्यूट में संपन्न होगा।
यह सम्मान अवधी भाषा, साहित्य, संस्कृति को समर्पित है। इन विभूतियों को आगामी 31 अगस्त, 2026 को एसआर इंजीनियरिंग कॉलेज, बीकेटी में आयोजित गोस्वामी तुलसीदास जयंती पखवाड़ा समापन समारोह में प्रदान किया जाएगा।
सम्मान सीतापुर के एमएलसी एवं एसआर ग्रुप, बीकेटी के चेयरमैन श्री Pawan Singh Chauhan जी के पिता श्रद्धेय स्व. सूबेदार सिंह चौहान जी एवं माता श्रद्धेय स्व. राजदेवी सिंह चौहान जी की सुस्मृति में प्रदान किया जाएगा।

August 25, 2026

मथुरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन लाख का 1200 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट

मथुरा। मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोसीकलां क्षेत्र में करीब 1200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद कर नष्ट कराया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पनीर के तीन नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल दल टीम ने एनएच-2 हाईवे स्थित किंग ढाबे के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में पनीर मिला। अधिकारियों के अनुसार पनीर अस्वच्छ एवं गुणवत्ता की दृष्टि से संदिग्ध पाया गया। जनहित में पूरे पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। वाहन चालक एवं मालिक सत्यवीर निवासी डीग, राजस्थान पनीर की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

विभाग ने पनीर के तीन नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »