Web News

www.upwebnews.com

पीलीभीत से गरजे योगी: ‘नो दंगा, कर्फ्यू… अब यूपी में सब चंगा’

July 1, 2026

पीलीभीत से गरजे योगी: ‘नो दंगा, कर्फ्यू… अब यूपी में सब चंगा’

पूर्वी पाकिस्तान से आए विस्थापित परिवारों को सौंपे भौमिक अधिकार प्रमाण-पत्र
– कांग्रेस और सपा पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री
– 569.11 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया
पीलीभीत,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बरखेड़ा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत बंगलादेश पाकिस्तान और जिन्ना से की. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) से विस्थापित होकर पीलीभीत पहुंचे हजारों परिवारों को भौमिक अधिकार (भूमि स्वामित्व) के प्रमाण-पत्र वितरित किए और कहा कि अब दुनिया की कोई ताकत इन्हें उनकी जमीन से बेदखल नहीं कर सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 55-56 वर्ष पहले धार्मिक उत्पीड़न के कारण पूर्वी बंगाल से निकाले गए हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध परिवार दशकों से अपने अधिकारों के लिए भटक रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज उन्हें सम्मानपूर्वक भूमि का मालिकाना हक मिला है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण-पत्र केवल कागज नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए ‘पुनर्जीवन’ का दस्तावेज है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों के करीब 15 हजार लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। बाराबंकी, बिजनौर और रामपुर के बाद अब पीलीभीत में प्रथम चरण की प्रक्रिया संपन्न हो रही है। जिन मामलों में वन विभाग एवं भारत सरकार की अनुमति लंबित है, उन्हें भी जल्द अधिकार दिलाए जाएंगे।

कांग्रेस पर विभाजन का ठीकरा, सपा पर तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की सत्ता लोलुपता का परिणाम था। यदि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व दृढ़ता दिखाता तो भारत का विभाजन नहीं होता और लाखों हिंदुओं को अपने घर छोड़कर शरणार्थी नहीं बनना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन विस्थापित परिवारों की कभी सुध नहीं ली। योगी ने कहा कि अगर जिन्ना अपनी मौत मर गया होता तो भारत का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन नहीं होता और हिंदुओं का कत्लेआम नहीं होता।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों ने तुष्टिकरण की राजनीति की। उन्होंने कहा कि इन दलों को गरीब, दलित और पिछड़े समाज की चिंता कभी नहीं रही।

“साइकिल चलेगी तो दंगा होगा”
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया खुलेआम घूमते थे, व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी, बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और सार्वजनिक भूमि पर कब्जे होते थे। उन्होंने कहा कि आज जिन जमीनों पर गौशालाएं बनी हैं, उन पर पहले सपाइयों का कब्जा था। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता ने साइकिल को पंचर करके चलने लायक नहीं छोड़ा। अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा, गुंडागर्दी होगी और गरीबों की जमीनों पर कब्जा होगा।”

बबुआ 12 बजे उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे, 5 बजे जिम चले जाएंगे
समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें गरीबों की सुध तब आएगी, जब बबुआ को समय पर उठने की आदत होगी। 12 बजे उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे और 5 बजे जिम चले जाएंगे। ऐसे लोगों के पास गरीब, किसान और विस्थापित परिवारों के लिए समय कहां है। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व के लिए विकास का मतलब केवल सैफई और परिवार तक सीमित रहा।

“…अब यूपी में सब चंगा”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं होते। उन्होंने मंच से कहा, “नो दंगा, नो कर्फ्यू… अब यूपी में सब चंगा।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार व्यापारियों, बहन-बेटियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा अपराधियों को संरक्षण देने का सवाल ही नहीं उठता।

ब्रह्मोस मिसाइल और विकास का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है और लखनऊ के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश इतना मजबूत होना चाहिए कि किसी भी हिंदू को दोबारा विस्थापित होने की नौबत न आए।
उन्होंने शामली से गोरखपुर होते हुए सिलीगुड़ी तक बनने वाले आर्थिक कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पीलीभीत भी विकास की नई धारा से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की गति से विकास कार्य कर रही है और विरासत के सम्मान के साथ हर व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है।

Lucknow Agra Express way पर एक्सीडेंट,2 बच्चों समेत 5 की मौत, 8 घायल

Breaking News UP Web News

Uttar Pradesh News, Unnao News Posted on 01.07.2026 Wednesday, Time 11.04 AM, News Source: UP Samachar Sewa, UP News

उन्नाव, 01 जुलाई 2026 । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुये एक्सीडेंट में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए। एक्सीडेंट उस समय हुआ जब हरियाणा से बिहार जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगरा से लखनऊ जा रही अर्टिगा कार से टकरा गई।
टक्कर के बाद  बस एक्सप्रेसवे से नीचे गड्ढे में गिरकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

माना जा रहा है कि बस के चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई है।

« Newer Posts