Web News

www.upwebnews.com

Hathras बागला जिला अस्पताल में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

June 4, 2026

Hathras बागला जिला अस्पताल में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

हाथरस। बागला जिला अस्पताल परिसर स्थित एक स्टोर में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले विद्युत केबल में लगी, जिसके बाद उसने स्टोर में रखे कबाड़ और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।आग लगने के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने प्रारंभिक स्तर पर स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति गंभीर होती देख तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।दमकल कर्मियों ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी बड़े हादसे और व्यापक नुकसान को टाल दिया गया। हालांकि स्टोर में रखे कुछ सामान के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।आग की घटना के बाद अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। कई वार्डों में अंधेरा छा गया और भर्ती मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा। परिजनों ने बताया कि बिजली बाधित होने से अस्पताल का सामान्य कार्य भी प्रभावित हुआ।घटना की सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी सदर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा घटना के कारणों की जांच कराने के निर्देश जारी किए।फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

नकली खाद्य उत्पाद बेचने के आरोप में थोक व्यापारी पर मुकदमा दर्ज, बड़ी मात्रा में माल बरामद

हाथरस। कोतवाली सदर पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन एवं नकली खाद्य उत्पादों की बिक्री के आरोप में एक थोक व्यापारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान से कथित रूप से नकली मंगल डेसिकेटेड कोकोनट के पैकेट बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के विधिक सलाहकार प्रभात कुमार गुप्त की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि महावीर कोकोनट इंडस्ट्रीज के ट्रेडमार्क और कॉपीराइट का अवैध उपयोग कर नकली मंगल डेसिकेटेड कोकोनट बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा और व्यापारिक हित प्रभावित हो रहे हैं।शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार एवं यदुनाथ सिंह सहित पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के साथ गुडिहाई बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर पहुंची, जहां प्रतिष्ठान संचालक अजय अग्रवाल, निवासी मुरसान गेट, मौजूद मिले।तलाशी के दौरान प्रतिष्ठान एवं गोदाम से एक किलोग्राम पैकिंग वाले मंगल डेसिकेटेड कोकोनट के कुल 40 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने जांच के लिए कुछ पैकेट नमूने के रूप में सुरक्षित किए तथा शेष माल को सील कर कब्जे में ले लिया। कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए मूल उत्पाद के नमूने को भी मिलान के लिए सुरक्षित किया गया।पुलिस बरामद माल एवं संबंधित व्यापारी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। प्रारंभिक जांच में उत्पादों के नकली होने की आशंका के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 एवं 65 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसे में युवक की मौत, 10 दिन बाद होनी थी शादी 

मैनपुरी। शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तिलक समारोह से महज 10 दिन पहले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे घर में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय अंशु शाक्य निवासी ग्राम मझोला, थाना बेवर के रूप में हुई है। अंशु मजदूर को छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी रसूलाबाद हाईवे पर जोगा पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अंशु ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की तलाश कर रही है। 14 जून को अंशु का तिलक समारोह होना था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जो अब मातम में बदल गई हैं।

दस दिन से छाया अंधेरा,बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

मैनपुरी 4 जून उप्रससे। एलाऊ ब्लॉक के जागीर क्षेत्र के गांव नगला हुलासी में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने पर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
 अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और रात के समय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। बिजली न होने से पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और कई लोग गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं। किसानों और पशुपालकों को भी बिजली संकट के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। प्रदर्शन में योगेंद्र पाल, आशीष कुमार, सुनील सिंह, बलराम, रविंद्र सिंह, रामकिशन, ओमवती, सावन श्री, बिट्टी देवी, विनीता कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

फोरलेन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा, मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत

Posted on 04/06/2026
Time 16:27 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर : 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) भटहट क्षेत्र के दलाल चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर मिट्टी में दबा हुआ एक मजदूर का शव मिला। घटना गुरुवार सुबह तब उजागर हुई, जब राहगीरों ने मिट्टी के ढेर से एक मानव पैर बाहर निकला हुआ देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

​मृतक की पहचान 35 वर्षीय मिंटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवरिया जिले का रहने वाला था। पिछले पांच वर्षों से वह गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां स्थित अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। परिजनों के अनुसार, मिंटू पिछले 10 दिनों से जंगल कौड़िया में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।

​प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक थकान के कारण मिंटू बुधवार रात डिवाइडर पर ही सो गया था। इसी बीच, डंपर से गिराई गई मिट्टी के नीचे दब जाने से उसकी दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक झोला बरामद हुआ है, जिसमें रोटी-सब्जी, देसी शराब का पाउच, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल मिली है।

​सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैकहो लोडर (JCB) और अन्य मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।

​मिंटू की असामयिक मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसके परिवार में पत्नी नीता देवी के अलावा 8 साल का बेटा किस और 4 साल की मासूम बेटी गुड़िया है। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ​

« Newer PostsOlder Posts »