Web News

www.upwebnews.com

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

May 1, 2026

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

एटा 30 अप्रैल उप्रससे। जनपद के जलेसर में भारतीय किसान यूनियन किसान ने तहसील परिसर में भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। यूनियन ने आरोप लगाया कि लेखपाल हरिओम ने पीड़ित भानु शाह से ‘फोन पे’ के माध्यम से 20,000 रुपये की रिश्वत ली। इसके अतिरिक्त, बाबू रविन्द्र कुमार के 3,500 रुपये के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। किसानों ने निजी स्कूलों में मनमानी फीस रोकने और एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की। उन्होंने बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की। बिजली विभाग से संबंधित मांगों में स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से बदलकर पुनः पोस्टपेड करने पर जोर दिया। साथ ही, ब्लॉकों में फर्जी फर्म बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की कड़ी जांच की मांग की गई। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर और उपखण्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की सभी मांगों को सुना और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद किसान संगठन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, प्रत्येन्द्र शाह, दीपक चौहान, हरिओम मिश्रा, विपिन कुमार, मोनू गौतम, सत्येन्द्र सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पवन ठाकुर ने कहा, “भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही भ्रष्ट लेखपाल और बाबू पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”

Moradabad News छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, गंभीर घायल

*छेड़छाड़ के वीडियो वायरल से सक्रिय पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ा,गोली लगीं*
बुर्कानशीं महिला से दिनदहाड़े से की थीं शर्मनाक हरकत
देर रात हुईं मुठभेड़,आरोपी अस्पताल में भर्ती

Post on 30.4.26
Thursday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
शहर के बरवालान इलाके में सुनसान सड़क पर बुर्कानशीं महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कटघर के मकबरा का नौशाद निकला। महिला से दिनदहाड़े अश्लील हरकत के तीन वीडियो वायरल से पुलिस सक्रिय हुई। जगह के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर लीं
कुछ घंटों में ही पुलिस टीमों ने देर रात आरोपी को धर दबोचा। भागने की कोशिश में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। पैर में गोली लगीं है।
गुरुवार को सरेआम बुर्कानशीं
महिला से छेड़खानी हुईं।घर लौटतीं महिला को अकेला देख आरोपी उसके पीछे चला और पकड़ लिया। महिला ने शोर मचायातो आरोपी भाग गया।पर पूरी शर्मनाक हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। छेड़छाड़ के तीन वीडियो वायरल हुए। मीडिया फुटेज से पुलिस एकबारगी हैरान रह गई। घटना मुगलपुरा के बरवालान क्षेत्र की घटना के बाद पुलिसने गंभीरता से लिया।

 

एसपी सिटी ने संबंधित क्षेत्र के आधार पर पहले पीड़िता को तलाशा। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज के बाद पुलिस टीमों ने आरोपी का सुराग लगाया।वायरल वीडियो के चंद घंटे बाद आरोपी नौशाद की घेराबंदी की जाने लगी।कटघर के मकबरा निवासी आरोपी को देररात मुठभेड़ में पकड़ा गया।भागने की कोशिश में पुलिस को गोली चलानीं पड़ी। पैर में गोली लगने के चलते उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना हैकि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/04/2026

डीएसओ ने ऑयल कंपनियों को दी सख्त चेतावनी

गोरखपुर। जनपद में पेट्रोल-डीजल की नियमित और निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) रामेंद्र प्रताप सिंह ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि जिले में पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
बैठक के दौरान डीएसओ ने निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंप संचालक समय रहते ईंधन की आपूर्ति के लिए ऑर्डर बुक करें, ताकि स्टॉक खत्म होने की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसी पंप पर ईंधन का स्तर कम होने लगे, तुरंत अगली खेप के लिए मांग दर्ज कराई जाए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी पंप पर पेट्रोल या डीजल खत्म होना गंभीर लापरवाही माना जाएगा और ऐसी स्थिति में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमित निगरानी और पंपों की स्थिति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।
डीएसओ ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया, ताकि वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को ईंधन के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।

बेमौसम बारिश में क्षतिग्रस्त हुआ नाला

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/04/2026

नगर आयुक्त ने तत्काल मरम्मत और जांच के दिए आदेश

गोरखपुर। बेमौसम हुई तेज बारिश के बाद शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गोलघर–कलेक्ट्रेट चौराहे पर नगर निगम द्वारा पीडब्ल्यूडी के माध्यम से बनवाया जा रहा नाला बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के दौरान ही निर्माण कार्यों की वास्तविक गुणवत्ता सामने आती है, ऐसे में जहां भी खामियां दिखाई दे रही हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के भी आदेश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि जिम्मेदारों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की सख्ती के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है और मरम्मत कार्य तेजी से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

डीएम दीपक मीणा ने विरासत गलियारा का किया सघन निरीक्षण

Santoah kumar Singh Gorakhpur
30/04(2026

व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। बेमौसम बारिश के बाद शहर के विरासत गलियारा क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पाण्डेय हाता से धर्मशाला तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी, बिजली, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से आकलन किया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए नालियों की सफाई, कनेक्टिविटी और ढलान को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलियों और मुख्य सड़कों की नालियों का स्तर संतुलित रखा जाए, जिससे जल निकासी बाधित न हो।
डीएम ने गलियों में नालों के ऊपर स्लैब (पटिया) लगाने के निर्देश भी दिए ताकि आम लोगों और व्यापारियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल लाइट लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान खराब और क्षतिग्रस्त सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी डीएम ने सख्ती दिखाई और उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए कैमरे लगाने पर भी जोर दिया।
बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम ने खुले में लटक रहे तारों को दुर्घटना के लिए खतरनाक बताते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम पूरा करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, अपर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »