Web News

www.upwebnews.com

ये मेरा पति है” की गूंज और दूल्हा स्टेज से फरार, मची भगदड़

May 2, 2026

ये मेरा पति है” की गूंज और दूल्हा स्टेज से फरार, मची भगदड़

Posted on 02.05.2026 Time 09.50 PM , Agra News, Ashok Agnihotri Tau

जयमाल से पहले 2 घंटे ड्रामे के बाद बदला दूल्हा

आगरा। आगरा के एत्मादपुर में एक शादी उस समय फिल्मी कहानी में बदल गई, जब जयमाल से ठीक पहले ऐसा ट्विस्ट आया कि हर कोई हैरान रह गया। शुक्रवार रात, एक मैरिज हॉल में फिरोजाबाद के टूंडला से बारात पहुंची थी। मंगलम सिटी निवासी दूल्हा जितेंद्र बघेल पूरे धूमधाम से शादी करने आया था। लग्न और पक्की की रस्में पूरी हो चुकी थीं और अब सभी की नजरें जयमाल पर टिकी थीं। स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन आमने-सामने खड़े थे। दोनों के हाथों में वरमाला थी। माहौल खुशियों से भरा हुआ था… लेकिन तभी अचानक सबकुछ बदल गया।

अचानक चार गाड़ियों से कुछ लोग पहुंचे और उनके साथ आई एक महिला सीधे स्टेज की ओर बढ़ी। जैसे ही दूल्हे की नजर उस महिला पर पड़ी, उसने वरमाला फेंकी और स्टेज से भाग खड़ा हुआ। महिला चिल्लाई- “ये मेरा पति है!” बस फिर क्या था… डीजे बंद, डांस रुक गया और पूरे पंडाल में सन्नाटा छा गया।

—बारात में भगदड़, मेहमानों में अफरा-तफरी

महिला के आरोप सुनते ही बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान कई बाराती चुपचाप खिसक लिए। दुल्हन पक्ष के लोग सकते में थे। किस पर भरोसा करें और क्या फैसला लें, कुछ समझ नहीं आ रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता और बड़े भाई को हिरासत में लेकर थाने ले गई। लेकिन असली ट्विस्ट तो थाने में सामने आया। दूल्हे के बड़े भाई नेम सिंह ने पुलिस के सामने दावा किया कि “वो महिला मेरी पत्नी है, दूल्हे की नहीं।”

नेम सिंह के मुताबिक, उसकी शादी 2018 में उस महिला से हुई थी। लेकिन पिछले कई सालों से उसकी पत्नी और उसके छोटे भाई (दूल्हे) के बीच अफेयर चल रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे नपुंसक बताकर छोटे भाई से शादी करना चाहती है।

—शादी टूटी, दुल्हन ने बदला दूल्हा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आखिरकार तय हुआ कि यह शादी नहीं होगी। दुल्हन घंटों तक शादी के जोड़े में बैठी रही। फिर परिवार ने बड़ा फैसला लिया। उसी समारोह में मौजूद एक परिचित युवक से उसकी शादी करा दी गई। सादगी से उसी परिसर के एक अलग स्थान पर नई शादी संपन्न हुई।

—पुलिस क्या कहती है?

एत्मादपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के अनुसार, महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला ने दूल्हे पर दूसरी शादी का आरोप लगाया था। दूल्हा मौके से फरार हो गया। उसके पिता और भाई को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। दुल्हन पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

प्रसून जोशी बने प्रसार भारती के चेयरमैन

Prasoon Joshi Chairman Prasar Bharati

Posted on 02.05.2026 Time 09.49 PM Saturday, New Delhi, Prasar Bharati

नई दिल्ली। भारत सरकार ने प्रसिद्ध लेखक और गीतकार प्रसून जोशी को प्रसार भारती का चेयरमैन नियुक्त किया है।

सूचना और प्रसारण  मत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जोशी अपने प्रभावशाली लेखन और भारतीय संस्कृति से गहरे जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। 16 सितंबर 1971 को जन्मे 54 वर्षीय जोशी ने साहित्य, विज्ञापन और सिनेमा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी नियुक्ति 15 मार्च 2027 तक के लिए की गई है।

ज्ञातव्य है कि प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत सहगल ने गत दिनों त्यागपत्र दे दिया था। उनका कार्यकाल एक वर्ष से अधिक शेष था। उक्त शेष अवधि के लिए श्री जोशी को चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

देश जनहित राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का विमोचन

पत्रकारों के लिए बीमा योजना की घोषणा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के प्रेस क्लब सभागार में शुक्रवार को “देश जनहित” राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का भव्य विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक दीपक राजपूत ने पत्रकारों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए जनहित टीम से जुड़े प्रत्येक पत्रकार के लिए पांच-पांच लाख रुपये का बीमा कराने की बात कही, जिसकी कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, एसडीएम जितेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी रति लाल शाह और प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने पत्रिका का विमोचन कर इसे जनमानस के लिए समर्पित किया।
अपने संबोधन में समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है, जिसके चलते सूचनाओं का आदान-प्रदान तो आसान हुआ है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक खबरों का प्रसार भी चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और गलत खबरें समाज में अराजकता पैदा कर सकती हैं, इसलिए पत्रकारों को जिम्मेदारी के साथ खबरों की पुष्टि करने के बाद ही उनका प्रकाशन करना चाहिए। उन्होंने “देश जनहित” पत्रिका को एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि यह पत्रिका जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा ने कहा कि आज का दौर डिजिटल और सोशल मीडिया का है, जहां हर खबर पलभर में लोगों तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि इस तेजी के बीच प्रिंट मीडिया की अपनी अलग विश्वसनीयता और गरिमा है, जिसे बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पत्रिका निष्पक्ष और तथ्यात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में किसी पुस्तक या पत्रिका का विमोचन होना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यदि लोगों में जागरूकता बढ़े तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पत्रिका में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता लेखों को भी स्थान दिया जाना चाहिए।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रौतेला ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मीडिया का योगदान बेहद अहम होता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सही और त्वरित जानकारी लोगों तक पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि पत्रिका में आपदा प्रबंधन से जुड़े लेखों को भी प्रकाशित किया जाए, ताकि आमजन को जागरूक किया जा सके।
शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि “देश जनहित” पत्रिका समाज के विभिन्न मुद्दों को उजागर कर लोगों को जागरूक करने का काम करेगी।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि हरिद्वार की पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां के पत्रकार हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं। उन्होंने “देश जनहित” पत्रिका की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पत्रिका निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का उदाहरण बनेगी।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता से समाज में विकास और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पत्रिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और पुलिस दोनों ही समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सही खबरों का प्रसार समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे तथ्यों पर आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता करें।
कार्यक्रम के अंत में संपादक दीपक राजपूत ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “देश जनहित” पत्रिका का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आवाज बनना है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बाल कृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, रतन मणि डोभाल, अरुण कश्यप,मुदित अग्रवाल,मुस्कान राजपूत, कल्पना राजपूत, निर्मल दास महाराज, जोगेंद्र मावी, दिशा शर्मा, रश्मि कश्यप, राहुल शर्मा, लक्ष्मण कश्यप, अनिल कुमार, बसंत कुमार, बलराम कश्यप, जहांगीर अली,महावीर नेगी ,विनोद कश्यप ,विपिन कश्यप रोहित कश्यप, मनोज कश्यप ,मोहित प्रधान शिवा अग्रवाल, जहांगीर अली , संजय पुंडीर, सुमित सैनी, सुमित यशकल्याण,,सचिन सैनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।

बार एसोसिएशन में नियमों में बदलाव के लिए‌ अधिवक्ताओं की कमेटी गठित

Post on 1.5.26
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद बार एसोसिएशन में संविधान में संशोधन व बदलाव के लिए अधिवक्ताओं की कमेटी गठित की गई है।
शुक्रवार कोदि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी की आम सभा (जनरल हाउस)में एसोसिएशन के नियमों में बदलाव के लिए एक कमेटी का गठन किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि यह कमेटी बार के नियम या संविधान में आवश्यक संशोधन व बदलाव करेगी। जिसमें कमेटी के अध्यक्ष सुधीर गुप्ता के अलावा वीरेंद्र शर्मा, उमाकांत शर्मा, प्रभात गोयल, आदेश श्रीवास्तव व हरविंदर सिंह सदस्य है।कमेटी ने लगभग आठ बैठकों में विचार विमर्श के बाद अपने सुझाव तैयार किए । कमेटी द्वारा सर्वोच्च न्यायालय की ओर से पारित आदेश में कार्यकारिणी में 33% महिलाओं की सीट आरक्षित किए जाने के लिए बिंदु प्रस्ताव में शामिल किए गए है।कमेटी ने सुझाव का प्रस्ताव एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता व महसचिव कपिल गुप्ता को सौंपा।इस पर विचार विमर्श के बाद लागू किया जाएगा।

एनआरएमयू की रेलवे स्टेशन पर सभा,हित में एकजुट हो कर्मी

-अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रेल संगठन ने सभा में दिया एकता का संदेश
-शिकागो शहीदों को नमन

Post on 1.5.26
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रेल यूनियन ने शिकागो शहीदों को याद करते हुए नमन किया।
रेल संगठन ने विभाग कर्मियों के विरुद्ध अधिकारों के खिलाफ अन्याय पर एकजुटता का संदेश दिया।कहा कि रेल कर्मी एकजुट हो और अपने अधिकारों के प्रति सतर्क हो।
हर साल शहीदों की याद में होने वाले कार्यक्रम में रेल संगठन एनआरएमयू ने शुक्रवार को स्टेशन पर सभा की।सभा में यूनियन वक्ताओं ने कर्मचारियों के अधिकारों के हनन आवाज उठाई।साफ कहा कि कर्मियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। नेताओं ने चालकों को निर्धारित ड्यूटी आवर्स 8-9 घंटे के बाद किसी भी परिस्थिति में गाड़ी न चलाएं।वक्ताओं ने आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।सभा में स्टेशन शाखा अध्यक्ष मनोज शर्मा व शुभम सुंदरियाल ने एकजुटता का संदेश दिया।कहा कि हमारी कमजोरी हमारी आपसी फूट है।सहायक मंडलमंत्री दीपक यादव ने कहा किसंगठन का कार्यकर्ता अपने हक के लिए हर आंदोलन के लिए तैयार है।
सभा में सहायक मंडल मंत्री सुहैल खालिद ने विभिन्न मुद्दों को लेकर शासन प्रशासन को घेरा। कहा कि संगठन का हर कार्यकर्ता अपने अधिकार के लिए संघर्ष को तैयार है।
इस दौरान शिकागो के शहीद मजदूर साथियों को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा।
सभामें नरमू के मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा,विजयंत शर्मा, खेमपाल सिंह,आईवन एडीशन,
मोहित गुप्ता,अमित शर्मा,पवन शर्मा,राजपाल सिंह समेत कर्मचारी शामिल हुए।

« Newer PostsOlder Posts »