Web News

www.upwebnews.com

RSF Report: चीन में पत्रकारों का सर्वाधिक दमन

May 3, 2026

RSF Report: चीन में पत्रकारों का सर्वाधिक दमन

बीजिंग, 03 मई 26, चीन पत्रकारों के लिए दुनिया की सबसे बड़ी जेल बना हुआ है और इसकी सरकार ने दुनिया भर में पत्रकारिता और सूचना के अधिकार के खिलाफ दमनकारी अभियान चला रखा है। पेरिस स्थित रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) ने अपने नवीनतम वार्षिक सर्वेक्षण में यह बात कही है। चीन ने 110 पत्रकारों और तीन मीडियाकर्मियों को हिरासत में रखा है। चीनी सरकार तिब्बत से जुड़े मुद्दों जैसे संवेदनशील विषयों पर पत्रकारों को रिपोर्टिंग करने से रोकने के लिए निगरानी, ​​जबरदस्ती, धमकी और उत्पीड़न का इस्तेमाल कर रही है। प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में चीन 180 देशों में से 178वें स्थान पर है। वह पिछले साल के 176वें स्थान से दो पायदान नीचे खिसक गया है।

आरएसएफ ने पत्रकार झांग झान को कानूनी सलाह से वंचित करने और उन्हें बाहरी दुनिया से अलग-थलग करने के लिए चीनी अधिकारियों की निंदा की है और वैश्विक समुदाय से बीजिंग पर उनके उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए दबाव बढ़ाने का आग्रह किया है।

पांच राज्यों में मतगणना की तैयारी पूरी

नई दिल्ली, 03 मई 26, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्‍थलों पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पश्चिम बंगाल में मतों की गिनती 77 मतगणना केन्‍द्रों पर की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल के मतदान में गंभीर गडबड़ी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
तमिलनाडु में सत्‍ताधारी डीएमके के नेतृत्‍व में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन, अन्‍ना द्रमुक के नेतृत्‍व वाले राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।
केरलम में मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए 126 पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना की जाएगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुद्देचेरी में आम जनता और राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अस्कुंडा घाट पर चला सख्त स्वच्छता अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की अधिकृत संस्था नेचर ग्रीन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में द्वारकाधीश मंदिर के निकट स्थित अस्कुंडा घाट पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा हटाया गया और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
टीम ने घाट के आसपास स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, खासकर खाने-पीने की दुकानों को अपने प्रतिष्ठानों पर कूड़ेदान रखने और उसका नियमित उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने या नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर नेचर ग्रीन के ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक वाजपेयी, आईईसी मैनेजर सुजीत सिंह, जोनल गिरीश सहित आईईसी टीम के सदस्य—कान्हा, बुलबुल, काजल, वंदना, हेमा, भावना, दामिनी, रूपा—तथा प्रोजेक्ट मथुरा से विपुल जी और उनकी टीम मौजूद रही।
अभियान का संदेश स्पष्ट रहा—“स्वच्छ घाट – स्वच्छ बाजार – स्वच्छ मथुरा।”

भरभराकर गिरा निर्माणाधीन मकान का लेटर,मलवे में दबकर चार मजदूर हुए घायल

हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के गांव वीर नगर में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत (लैंटर) डालते समय उसकी सेटिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अन्य तीन मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में ही जारी है। बताया जा रहा है कि गांव वीर नगर में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और छत डालने की प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेटिंग कमजोर होने के कारण अचानक ढह गई, जिससे वहां कार्य कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।

——————————————————————————

दस केंद्रों पर कराई गयी नीट की परीक्षा 

मैनपुरी।  रविवार को जिले के दस केंद्रों पर नीट की परीक्षा कराई गई। कड़ी निगरानी के बीच यह परीक्षा कराई गई। परीक्षा देकर आए ज्यादातर परीक्षार्थियों ने बताया कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने थोड़ा उलझाया जरूर, लेकिन बायोलॉजी के सवालों ने राहत दी। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए।
दोपहर को परीक्षार्थी इन परीक्षा केदो पर परीक्षा देने के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर 2:00 बजे शुरू हुई परीक्षा से एक घंटे पहले ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।  परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही उनकी सघन तलाशी ली गई और परीक्षा के दौरान भी अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाओं को देखा।  परीक्षा छूटने के बाद परीक्षा देकर आए परीक्षार्थियों ने बताया कि नीट प्रश्न पत्र ज्यादा कठिन नहीं था फिर भी फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने कुछ देर तक जरूर उलझाया। इन सवालों को आसानी से हल नहीं किया जा सकता। जिन परीक्षार्थियों ने अच्छे से तैयारी की है वही इन सवालों को हल कर पाएंगे।  बायोलॉजी के सवाल कठिन नहीं थे और वह आसानी से हल कर लिए गए। 3 घंटे का समय मिला था और इस समय में प्रश्न पत्र को हल करने में कोई कठिनाई नहीं आई। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी भी परीक्षा देने देने के लिए पहुंचे। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया की इस परीक्षा के लिए दस केंद्रों पर कुल मिलाकर  3259 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।  उन्होंने बताया कि परीक्षा में 200 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से कराई गई।
« Newer PostsOlder Posts »