Web News

www.upwebnews.com

पांच राज्यों में मतगणना की तैयारी पूरी

May 3, 2026

पांच राज्यों में मतगणना की तैयारी पूरी

नई दिल्ली, 03 मई 26, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्‍थलों पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पश्चिम बंगाल में मतों की गिनती 77 मतगणना केन्‍द्रों पर की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल के मतदान में गंभीर गडबड़ी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
तमिलनाडु में सत्‍ताधारी डीएमके के नेतृत्‍व में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन, अन्‍ना द्रमुक के नेतृत्‍व वाले राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।
केरलम में मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए 126 पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना की जाएगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुद्देचेरी में आम जनता और राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अस्कुंडा घाट पर चला सख्त स्वच्छता अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की अधिकृत संस्था नेचर ग्रीन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में द्वारकाधीश मंदिर के निकट स्थित अस्कुंडा घाट पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा हटाया गया और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
टीम ने घाट के आसपास स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, खासकर खाने-पीने की दुकानों को अपने प्रतिष्ठानों पर कूड़ेदान रखने और उसका नियमित उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने या नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर नेचर ग्रीन के ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक वाजपेयी, आईईसी मैनेजर सुजीत सिंह, जोनल गिरीश सहित आईईसी टीम के सदस्य—कान्हा, बुलबुल, काजल, वंदना, हेमा, भावना, दामिनी, रूपा—तथा प्रोजेक्ट मथुरा से विपुल जी और उनकी टीम मौजूद रही।
अभियान का संदेश स्पष्ट रहा—“स्वच्छ घाट – स्वच्छ बाजार – स्वच्छ मथुरा।”

भरभराकर गिरा निर्माणाधीन मकान का लेटर,मलवे में दबकर चार मजदूर हुए घायल

हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के गांव वीर नगर में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत (लैंटर) डालते समय उसकी सेटिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूर मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अन्य तीन मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में ही जारी है। बताया जा रहा है कि गांव वीर नगर में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और छत डालने की प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेटिंग कमजोर होने के कारण अचानक ढह गई, जिससे वहां कार्य कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।

——————————————————————————

दस केंद्रों पर कराई गयी नीट की परीक्षा 

मैनपुरी।  रविवार को जिले के दस केंद्रों पर नीट की परीक्षा कराई गई। कड़ी निगरानी के बीच यह परीक्षा कराई गई। परीक्षा देकर आए ज्यादातर परीक्षार्थियों ने बताया कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने थोड़ा उलझाया जरूर, लेकिन बायोलॉजी के सवालों ने राहत दी। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए।
दोपहर को परीक्षार्थी इन परीक्षा केदो पर परीक्षा देने के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर 2:00 बजे शुरू हुई परीक्षा से एक घंटे पहले ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।  परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही उनकी सघन तलाशी ली गई और परीक्षा के दौरान भी अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाओं को देखा।  परीक्षा छूटने के बाद परीक्षा देकर आए परीक्षार्थियों ने बताया कि नीट प्रश्न पत्र ज्यादा कठिन नहीं था फिर भी फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने कुछ देर तक जरूर उलझाया। इन सवालों को आसानी से हल नहीं किया जा सकता। जिन परीक्षार्थियों ने अच्छे से तैयारी की है वही इन सवालों को हल कर पाएंगे।  बायोलॉजी के सवाल कठिन नहीं थे और वह आसानी से हल कर लिए गए। 3 घंटे का समय मिला था और इस समय में प्रश्न पत्र को हल करने में कोई कठिनाई नहीं आई। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी भी परीक्षा देने देने के लिए पहुंचे। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया की इस परीक्षा के लिए दस केंद्रों पर कुल मिलाकर  3259 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।  उन्होंने बताया कि परीक्षा में 200 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से कराई गई।

डीएम ने फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण के संबंध में की बैठक

मैनपुरी।  जिलाधिकारी डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण के संबंध में यूपीडा, तहसील भोगांव, किशनी के उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, क्षेत्रीय लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक में असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति काफी निराशाजनक है, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिन ग्रामों में एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की जानी है, उन ग्रामों के लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के किसानों से संवाद कर बैनामों की प्रगति सुधारें, यदि कहीं कोई अवरोध हो तो उप जिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाकर किसानों से संवाद करें, अगले एक सप्ताह में अधिक से अधिक बैनामें करायें जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण की जाए और उनके द्वारा बैनामे कर दिए जाएं तो उन्हें तत्काल सर्किल रेट के अनुसार धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, बैनामें के उपरांत किसी भी दशा में भुगतान में विलंब न किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपालों से कहा कि अपने-अपने गांव के उन व्यक्तियों, जिनसे लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि क्रय की जानी है, से संवाद करें यदि उनकी कोई समस्या हो तो उसका समाधान अपने स्तर से करने के प्रयास करें, यदि आपके स्तर से समाधान संभव न हो तो उप जिलाधिकारी के संज्ञान में लाएं, यदि किसी व्यक्ति का नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं, तो उनके नाम गांव में ही कैंप लगाकर उनसे साक्ष्य प्राप्त कर तत्काल ठीक कराए जाएं ताकि बैनामा करते समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
           उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि तहसील किशनी के 15 ग्रामों में 217 हेक्टेयर भूमि क्रय की जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक मात्र 62 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु किए गए हैं, तहसील भोगांव के 12 ग्रामों में कुल 141 हेक्टेयर भूमि के सापेक्ष मात्र 47 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें हुए है, तहसील भोगांव में प्रगति बेहद खराब है। तहसील भोगांव के ग्राम छबीलेपुर, कमालपुर महमूदिया, अकबरपुर बिकु, रामनगरिया, चनेपुर, मुडई, वहदीनपुर, पटना टिलुआ, दुर्जनपुर, हुसैनपुर, हाजीपुर वरान, घूसमपुर में एवं तहसील किशनी के ग्राम धमियापुर, तरिहा, ख्वाजापुर, शिवसिंहपुर, बहरामऊ, अहमलपुर, टोडरपुर, नगला कले, नगला गवे, नगला पाण्डे, कैथपुर, रठेह, सींगपुर, नगला बले, महोली शमशेरगंज में भूमि क्रय की जानी है, सम्बन्धित उप जिलाधिकारी लीडरशिप देकर बैनामों की प्रगति में सुधार लायें। इस दौरान अपर जिला अधिकारी श्याम लता आनंद, उप जिलाधिकारी किशनी, भोगांव गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, सहायक महा निबन्धक स्टाम्प पवित्र कुमार, एलबीसी वीरेश पाठक सहित सम्बन्धित ग्रामों के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, सूचना विभाग से अब्दुल जहीन आदि उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »