Web News

www.upwebnews.com

700 करोड़ की लागत से शुरू हुआ बाईपास निर्माण : पर्यटन मंत्री

April 5, 2026

700 करोड़ की लागत से शुरू हुआ बाईपास निर्माण : पर्यटन मंत्री

मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उ.प्र. शासन जयवीर सिंह ने रू. 222.38 लाख की लागत से आर्य समाज मंदिर, रू. 125.94 लाख की लागत से श्री सत्तेश्वर महादेव मंदिर, रू. 124.16 लाख की लागत से वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्गीकरण कार्यों का शिलान्यास करते हुए कहा कि लंबे समय से जनपद में अनियोजित विकास की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण बस्तियों का विस्तार अव्यवस्थित ढंग से हो रहा था, इस समस्या के समाधान के लिए दूर-दृष्टि के साथ मैनपुरी बाईपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री जी से चर्चा की गई, जिसके परिणामस्वरूप लगभग रू. 700 करोड़ से अधिक की लागत से बाईपास निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, यह बाईपास जरामई से लेकर भोगांव रेलवे क्रॉसिंग तक विकसित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि किसी भी शहर के विकास में बाईपास की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, बाईपास बनने के बाद शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और बाहरी क्षेत्र में सुनियोजित बसावट का मार्ग प्रशस्त होगा, इसी को ध्यान में रखते हुए बाईपास क्षेत्र के आस-पास आवासीय विकास को बढ़ावा देने के लिए आवास विकास परिषद की नई योजना को भी स्वीकृति दिलाई गई है, लगभग रू.400-450 करोड़ की लागत से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और शीघ्र ही इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार का प्रस्ताव भी शासन स्तर पर भेजा जा चुका है, यह प्रस्ताव बाईपास एवं नई आवासीय कॉलोनियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, संभावना है कि आगामी पंचायत चुनाव से पूर्व ही नगर पालिका का सीमा विस्तार हो जाएगा, जिससे जनपद को एक बड़े नगर के रूप में विकसित होने का अवसर मिलेगा। उन्होने कहा कि जब बाईपास, आवास विकास कॉलोनी एवं सीमा विस्तार जैसी परियोजनाएं पूर्ण होंगी, तब मैनपुरी एक सामान्य नगर से विकसित होकर
एक वृहद नगर या महानगर के रूप में स्थापित होगा, आने वाली पीढ़ियां इस विकास को याद रखेंगी और इसे ऐतिहासिक परिवर्तन के रूप में देखेंगी। उन्होने कहा कि जनपद के सांस्कृतिक, शैक्षिक विकास से जुड़े आर्य समाज का प्रमुख महाविद्यालय, जो वर्ष 1953 से संचालित है, अब पुनः अपनी पुरानी प्रतिष्ठा प्राप्त कर रहा है, हाल ही में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में यहां के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया, उन्हें मुख्यमंत्री जी के हाथों सम्मानित किया गया है। उन्होने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 200वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश के विद्वानों ने भाग लिया। उन्होने कहा कि जनपद
में सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने एवं उन्हें आधुनिक स्वरूप देने के लिए एक भव्य संस्कृति संकुलह का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, इस डिजिटल म्यूजियम में ए.आर. वी.आर. तकनीक के माध्यम से मैनपुरी के इतिहास, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, यह देश का एक अनूठा प्रोजेक्ट होगा इसके अतिरिक्त एक भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी, यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और यहां विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू कुशवाहा, शिवदत्त भदौरिया, डॉ. सुमंत गुप्ता आदि ने विचार व्यक्त किये,

एटा में आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त होकर कार पर गिरा पोल,

अलीगंज मार्ग पर यातायात हुआ बाधित

एटा 05 अप्रैल उप्रससे। जनपद के अलीगंज क्षेत्र में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। एटा-अलीगंज मार्ग पर चौधरी मुख्तयार सिंह कॉलेज के पास बिजली के कई पोल टूटकर गिर गए। इसी दौरान एक चलती ईको कार पर भी एक बिजली का पोल गिर गया, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। इस घटना से कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

तेज हवाओं और बारिश के चलते एक विशाल पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गया, जिससे लगभग आधा दर्जन बिजली के खंभे सड़क पर धराशायी हो गए। एक बिजली का पोल सीधे ईको कार के ऊपरी हिस्से पर गिरा, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि तारों में करंट होता तो यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी और जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद एटा-अलीगंज मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गिरे हुए पोल और पेड़ को हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

उपकेंद्र अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि तेज आंधी और बरसात की वजह से आठ विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। आपूर्ति सुचारु करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

मुरादाबाद में एडीजे समेत कई न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण

MORADABAD DISTRICT COURT

फेरबदल:::इनमें एमपी-एमएलए कोर्ट के जज भी, बागपत हुआ स्थानांतरण

Post on 5.4.26
Sunday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)
मुरादाबाद में अपर जिला जज समेत कई न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण हुआ है। इनमें स्थानांतरित एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट के जज मुनेन्द्र पाल सिंह भी शामिल हैं।
रविवार शाम को न्यायिक अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई है। इस सूची में मुरादाबाद के भी न्यायिक अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें
फास्ट ट्रैक कोर्ट के मो फिरोज को मुरादाबाद से एटा, एडीजे-7 शैलेन्द्र वर्मा का मुरादाबाद से महराजगंज, निरंजन कुमार मुरादाबाद से लखनऊ व संदीप गुप्ता का मुरादाबाद से सोनभद्र तबादला किया गया है।
एमपी एमएलए कोर्ट में विशेष मजिस्ट्रेट एसीजेएम मुनेन्द्र पाल सिंह का बागपत व अभिषेक कुमार सिंह का इटावा स्थानांतरण हुआ है।
इसके अलावा सिविल जज अमित कुमार को सोनभद्र और सोनाली रत्ना का हापुड़ से मुरादाबाद तबादला किया गया।
डीजीसी अजय कुमार गुप्ता का कहना है कि मुरादाबाद से अन्य न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण विभिन्न जिलों में किए गए हैं।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को टैंकर ने कुचला

देवरिया, सुबह टहलने निकली महिला को टैंकर ने कुचला,
टैंकर कुचल से महिला की हुई दर्दनाक मौत,
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई है कैद,
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर कस्बे का मामला,
टैंकर चालक मौके से हुआ फरार,पुलिस जांच पड़ताल में जुटी,

सीएम योगी ‘ग्रेटर आगरा योजना’ का शिलान्यास करने कल आयेंगे

 

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अप्रैल को संभावित आगमन को लेकर आगरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शनिवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोझी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान हेलीपैड से लेकर मुख्य मंच, भूमिपूजन स्थल, वीआईपी व्यवस्था, मीडिया गैलरी और पार्किंग तक हर बिंदु पर विस्तार से मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों आगरा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही ‘ग्रेटर आगरा योजना’ का शिलान्यास प्रस्तावित है। यह परियोजना शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जा रही है, जिसे आगरा के भविष्य के शहरी ढांचे में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

449.65 हेक्टेयर में बसेंगी 10 आवासीय टाउनशिप

आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर इस महत्वाकांक्षी योजना को विकसित किया जाएगा। परियोजना की कुल संभावित लागत 5142 करोड़ रुपये बताई गई है। इस योजना के तहत 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जो आगरा के शहरी विस्तार को नई दिशा देंगी।

यह योजना न केवल शहर की बढ़ती आबादी के लिए आधुनिक आवासीय विकल्प उपलब्ध कराएगी, बल्कि आगरा को एक सुनियोजित, आधुनिक और भविष्य उन्मुख शहरी स्वरूप देने की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यह परियोजना आने वाले वर्षों में आगरा के रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश परिदृश्य को नई रफ्तार दे सकती है।

—–भूमिपूजन के बाद टाउनशिप मॉडल का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास से पहले कार्यक्रम स्थल पर विधिवत भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद वे ग्रेटर आगरा योजना के टाउनशिप मॉडल का अवलोकन करेंगे, जिसमें परियोजना के स्वरूप, लेआउट और विकास की रूपरेखा को प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की अन्य विकास योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें सरकार की विकास योजनाओं और प्रदेश में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार को लेकर संदेश दिया जा सकता है।

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने निरीक्षण के दौरान हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक की पूरी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मंच और भूमिपूजन स्थल पर मजबूत एवं पर्याप्त टेंट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश या तेज हवाओं की स्थिति में कार्यक्रम प्रभावित न हो।

इसके अलावा उन्होंने वीआईपी दीर्घा और मीडिया गैलरी की सुव्यवस्थित तैयारी, अतिथियों के लिए स्विस कॉटेज की समुचित व्यवस्था, भारी और हल्के वाहनों की अलग-अलग पार्किंग, सभी एप्रोच मार्गों की मरम्मत और सुचारु आवाजाही,सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से बैरिकेडिंग व रूट प्लानिंग जैसे अहम बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

—-प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद

निरीक्षण के दौरान एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोझी, उपजिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित सिंह, एडीए मुख्य अभियंता संजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मुख्यमंत्री का यह प्रस्तावित कार्यक्रम आगरा के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खासकर ‘ग्रेटर आगरा योजना’ के शिलान्यास को शहर के लिए एक मेगा अर्बन डेवलपमेंट मोमेंट के तौर पर देखा जा रहा है।

« Newer PostsOlder Posts »