Web News

www.upwebnews.com

सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

April 13, 2026

सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नवविवाहिता ने शादी के अगले ही दिन सुहागरात से पहले 90 लाख रुपये नकद की मांग रख दी। इस अप्रत्याशित शर्त ने पूरे ससुराल पक्ष को स्तब्ध कर दिया।

परिवार के मुताबिक, जब दूल्हे और उसके घरवालों ने इतनी बड़ी रकम तुरंत देने में असमर्थता जताई, तो दुल्हन ने कथित तौर पर रिश्ता निभाने से इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, आरोप है कि वह घर में रखे सभी गहने लेकर अपने मायके चली गई।

घटना ने उस समय और भी खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन के परिजन ससुराल पहुंचे और घर को बाहर से बंद कर दिया। परिवार के अनुसार, दबाव बनाने के लिए पीएनजी गैस की लाइन तोड़ दी गई, जिससे घर में आग लगने का खतरा पैदा हो गया। आरोप है कि यह कदम उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश के रूप में उठाया गया।

भयावह स्थिति में फंसे परिवार ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला खुलवाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना जगदीशपुरा में नवविवाहिता और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्रिप्टो के नाम पर आगरा में 28 लाख की साइबर ठगी, तीन राज्यों से जुड़े आरोपी

आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित राजेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए पीड़ित को क्रिप्टो करेंसी में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे रिटर्न दिखाकर भरोसा जीता गया, जिसके बाद धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कराने के लिए दबाव बनाया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित से कुल करीब 28 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ठगे गए। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया और अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब से जुड़े हैं। तीन संदिग्ध आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

न्यू आगरा थाना पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और बैंक खातों की डिटेल खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान प्लेटफॉर्म या व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

रूसी महिला पर्यटक ने आगरा को कहा असुरक्षित

— इंस्टाग्राम पर दी रेटिंग ने छेड़ी नई बहस

आगरा। एक रूसी महिला पर्यटक के सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ताजनगरी को कम सुरक्षित भारतीय शहरों में रखा गया है। इस महिला ने देश के विभिन्न पर्यटन नगरियों का भ्रमण करने के बाद उन्हें अपने वीडियो में रेटिंग दी है, जहां कुछ शहरों को दस में से नौ अंक भी दिए गए हैं तो आगरा को केवल तीन अंक देकर असुरक्षित शहरों में शामिल कर दिया गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद से आम जनमानस में तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अलीशा नाम की रूसी पर्यटक ने अपने निजी अनुभव के आधार पर अपने घूमे हुए शहरों को इंस्टाग्राम पर 10 में से रेटिंग दी है। इसमें आगरा को सुरक्षा के लिहाज से दस में से तीन और दिल्ली को दो रेटिंग दी गई है। अलीशा ने इसकी कोई ठोस वजह नहीं बताई। इस रेटिंग ने बहस छेड़ दी है कि उत्तर भारत के इन दो शहरों में विदेशी महिलाओं को सुरक्षा की कमी महसूस होती है। पोस्ट पर रिएक्शन देख अलीशा ने लिखा है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिलेंगे।

रेटिंग को लेकर आगरा के लोग भी लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ लोग लिख रहे हैं कि आगरा और दिल्ली जैसे शहरों को छोड़कर सेवन सिस्टर्स घूमने जाओ। एक यूजर ने कमेंट किया कि आगरा से यही उम्मीद थी। एक कमेंट में कहा गया- मैं आगरा से हूं और यकीन मानिए, इसे 3 अंक भी नहीं मिलने चाहिए… यह तो नेगेटिव में ही होना चाहिए। एक ने तो यहां तक लिख दिया कि दिल्ली को शून्य मिलना चाहिए।

वहीं कई लोग आगरा की खराब रेटिंग से हैरत में हैं और इसे दुष्प्रचार कह रहे हैं। कई राज्यों और शहरों के लोग कह रहे हैं कि हमारे यहां घूमने आइए, सब अच्छा मिलेगा।
अलीशा ने सेफ्टी मीटर के अनुसार 9-9 अंक पाकर मनाली और ऋषिकेश सबसे सुरक्षित जगह हैं। इसके बाद 8-8 की रेटिंग के साथ जयपुर और गोवा सुरक्षा के लिहाज से घूमने के लिए सही हैं। जोधपुर को उन्होंने 7 रेटिंग दी है। आगरा को डरावना बताते हुए 3 रेटिंग दी, जबकि दिल्ली को दो रेटिंग के साथ सबसे असुरक्षित शहर करार दिया।

April 12, 2026

पत्रकार राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाएं : गंगवार

उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ़ जर्नलिस्ट (उपज) का पर्यटक आवास गृह होटल राही में प्रादेशिक अधिवेशन

मुरादाबाद 11 अप्रैल 2026, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ़ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रादेशिक अधिवेशन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों से राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया।
दिल्ली रोड स्थित पर्यटक आवास गृह होटल राही में आयोजित अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए श्री गंगवार ने कहा कि रुहेलखंड के पत्रकारों ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज डिजिटल मीडिया के दौर में मीडिया की यही मूल भावना प्रासंगिक है । पत्रकारों की समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। इस बदलते युग में आप इस तरह की पत्रकारिता करें जो जनसरोकारों से जुड़ी हुई हो और लोग आपको लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं की चर्चा करते हुए कहा जब मैं श्रम मंत्री था तब मैंने पत्रकारो के हित से जुड़े कई काम किए थे।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह ने कहा पत्रकारिता केवल प्रोफेशन नहीं है यह मिशन है, एक साधना है और सबसे बढ़कर यह समाज के प्रति एक नैतिक उत्तरदायित्व है। कलम की शक्ति तलवार से अधिक इसलिए मानी गई क्योंकि वह विचारों को गढ़ती है, जनमत को आकार देती है और व्यवस्था को आइना दिखाती है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व कुलपति एवं नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा ने कहा कि पत्रकारों का यह अधिवेशन संवाद, समन्वय और सामूहिक चिन्तन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने आह्वान किया वर्तमान विषम परिस्थितियों में पत्रकारों का दायित्व है कि वे राष्ट्र हित में राष्ट्र निर्माण में अपनी लेखनी के माध्यम से योगदान दें ।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ ने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी निष्पक्ष कलम केवल खबर नहीं लिखती, समाज की चेतना लिखती है।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इण्डिया) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने संस्था द्वारा पत्रकारों के हित में किये गए कार्यों का उल्लेख किया।
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने स्वागत भाषण में मंचासीन अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।
राष्ट्र गान और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से आरम्भ अधिवेशन का संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने किया। आभार उपज के जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया।
प्रदेश महामंत्री आनन्द कर्ण, जिला महामंत्री कुमार देव, डॉ मनोज रस्तोगी, अभिषेक भारद्वाज, वीरभान सिंह,सुशील कुमार शर्मा, अभिव्यक्ति सिन्हा , कृति पांचाल विश्वकर्मा ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया ।
उद्घाटन समारोह के पश्चात आम सभा की बैठक तथा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई। इन बैठकों में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रमुख मुद्दों में पत्रकार पेंशन, आयुष्मान चिकित्सा कार्ड की विसंगतियां, रेल यात्रा रियायत बहाल कराना, आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था, प्रेस मान्यता समिति का गठन, रोडवेज में सहवर्ती की निशुल्क यात्रा, पत्रकार सुरक्षा, छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन की सुविधा शामिल हैं।

April 9, 2026

ओलावृष्टि से तबाही: दौलतपुर में 80–85% गेहूं की फसल बर्बाद 

 प्रशासन पर अनदेखी का लगाया आरोप
बल्देव (मथुरा)। क्षेत्र के गांव दौलतपुर में हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल का लगभग 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा नष्ट हो गया है, जबकि अन्य रबी फसलें भी पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इस प्राकृतिक आपदा से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत कुछ ही पलों में तबाह हो गई। उन्होंने बताया कि इस नुकसान से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है और अब परिवार का पालन-पोषण करना भी मुश्किल हो सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नुकसान का आकलन करने नहीं पहुंचे हैं, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं, प्रभावित किसानों ने सरकार से शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा और राहत प्रदान करने की मांग की है, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें।
इस दौरान ग्राम प्रधान जनेश देवी, सिंधी भैया, अजय उर्फ भुल्ला, देशवार, प्रवीण चौधरी, पिल्लू सिंह, जयपाल सिंह, रामखिलोना सिंह, अजीत देशवार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
« Newer PostsOlder Posts »