Web News

www.upwebnews.com

नागरिक देवो भव’ की भावना से करेंगे कार्य

April 23, 2026

नागरिक देवो भव’ की भावना से करेंगे कार्य

जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त- नवागत जिलाधिकारी।
मैनपुरी 21 अपै्रल 2026- जिलाधिकारी औरैया पद से स्थानांतरित नवागंतुक जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आज कोषागार के डबल लॉक का चार्ज ग्रहण कर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया, वर्ष 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, इससे पूर्व लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, नगर आयुक्त एवं नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा, जनपद में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे लोगों को न्याय, सेवाएं उनके द्वार तक उपलब्ध हो सकें, सभी प्रकार की जन-समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी, जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे बल्कि वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होने कहा कि जनपद में संचालित निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराना, शासन की संचालित लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना उनकी वरीयता होगी, जनपद को विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, जन-समस्याओं के निदान में प्रदेश में शीर्ष पर बनाए रखने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए पूर्व में चलाए गए “मिशन समाधान” जैसे अभियानों को और अधिक सशक्त किया जाएगा ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नवाचारों को बढ़ावा देकर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं बल्कि उनकी प्रभावशीलता सुनिश्चित करना है, इसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “डोर स्टेप डिलीवरी” की अवधारणा को सशक्त करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नागरिकों को अधिक से अधिक सेवाएं उनके निकट ही उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप “नागरिक देवो भव” की भावना को प्रशासनिक कार्यशैली का आधार बनाया जाएगा, प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और सहयोगी होना चाहिए ताकि लोगों को यह महसूस हो कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उनके हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी समस्याओं, शिकायतों को बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिलाधिकारी कार्यालय के द्वार आमजन के लिए सदैव खुले रहेंगे और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समुचित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने अपने तत्कालीन जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं और उनकी पहल को आगे बढ़ाया जाएगा, प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखते हुए पूर्व में किए गए नवाचारों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि जनहित में उनके सकारात्मक परिणाम जारी रह सकें  नवागत जिलाधिकारी अपनी सादगी और जमीनी कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध हैं, जन-शिकायतों के निराकरण के लिए फरियादियों के साथ जमीन पर बैठकर संवाद करने के लिए जाने जाते हैं, सार्वजनिक भूमि से अनाधिकृत कब्जे हटवाने में सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया है।
इस दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव आदि उपस्थित रहे।
——————————————–

नव विवाहिता की  हत्या कर शव लटकाया

मैनपुरी, औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर में विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ससुरालीजन शव छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताते हैं कि विवाहिता की शादी महज 72 दिन पहले हुई थी मायके पक्ष के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना क्षेत्र के ग्राम ग्राम विक्रमपुर निवासी 22 वर्षीय मंजू पत्नी सचिन शाक्य का शव घर में छत के कुंडे पर लटका मिला। घटना के बाद ससुरालीजन घर से भाग गए। ग्रामीणों ने मृतका के पिता हेमराज शाक्य निवासी फतेहपुर थाना सिढ़पुरा जनपद कासगंज को सूचना दी। सूचना पाकर गांव पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने शव कब्जे में
लिया और पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के भाई संजीव ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। बताया कि उसकी बहन की शादी 72 दिन पहले 6 फरवरी को विक्रमपुर निवासी सचिन के साथ हुई थी। बीती शाम अज्ञात कारणों के चलते ससुरालीजनों ने गला दबाकर मंजू की हत्या कर दी और घर से भाग गए। थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह का कहना है कि विवाहिता की मौत कैसे हुई, कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।

भीषण गर्मी का कहर: बुखार और डायरिया से दो बच्चों की मौत

मैनपुरी, भीषण गर्मी बच्चों और वृद्धों पर भारी पड़ रही है। भीषण गर्मी में बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं।  अस्पताल में डायरिया और बुखार से दो बच्चों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों बच्चों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
एक दिन पूर्व भी दो बच्चों की डायरिया की चपेट में आने से मौत हो गई थी। दो दिन में डायरिया से तीन और बुखार से एक बच्चे ने दम तोड़ा है। जनपद एटा के सकीट निवासी प्रीतम का पांच माह का पुत्र रिहानअपनी मां के साथ अपनी ननिहाल भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगला वन आया हुआ था। जहां 15 दिनों से रिहान को उल्टी दस्त की समस्या थी। उसका उपचार परिजन निजी चिकित्सक से करा रहे थे। दोपहर हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। जहां चिकित्सक ने रिहान को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार रिहान को तीन दिन से उल्टी दस्त की समस्या थी। उसे डायरिया हो गया था एक अन्य मामले में जेल रोड स्थित वृद्धाश्रम में रह रहे 70 वर्षीय रामगोपाल को ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर इमरजेंसी लाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक ही दिन में जिला अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर उपचार लिया। चिकित्सकों के कक्षों में मरीजों की भीड़ नजर आयी। चिकित्सक इन दिनों बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से धूप, गर्मी से बचाने की सलाह दे रहे हैं। बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाने की सलाह दी जा रही है।

गेहूँ खरीद को लेकर सांसद डिम्पल यादव ने सरकार को घेरा

मैनपुरी, गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर  मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि जिले में गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
सपा सांसद डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि पूरे मैनपुरी जिले में गेहूं खरीद की व्यवस्था लगभग ठप पड़ी है। उन्होंने दावा किया कि कागजों में 66 खरीद केंद्र दिखाए जा रहे हैं, लेकिन भारतीय खाद्य निगम के कई केंद्रों पर खरीद शून्य है। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि कई खरीद केंद्रों पर बारदाना तक उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था की खामियों का सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
सपा सांसद ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अब तक जिले में केवल 1443 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है और यह भी महज 218 किसानों से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर किसान मजबूरी में मंडियों में करीब 2300 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर अपनी उपज बेचने को विवश हैं, जो सरकारी दावे और वास्तविकता के बीच की खाई को उजागर करता है। श्रीमती यादव ने इस स्थिति को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए प्रशासन तत्काल कार्यवाही की मांग की है

जॉर्डिया के पहलवान फेडरिला को चित कर अंकित ने जीती ढाई लाख की कुश्ती

मथुरा। गांव सिहोरा में भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता द्वारा आयोजित भव्य दंगल में देश-विदेश से आए पहलवानों ने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य मुकाबले में स्थानीय पहलवान अंकित ने जॉर्डिया के पहलवान फेडरिला को रोमांचक मुकाबले में चित कर ढाई लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की इनामी कुश्ती अपने नाम कर ली।
दंगल में हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजकों के अनुसार 1.10 लाख, 21 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये की अन्य कुश्तियां भी कराई गईं, जिनमें पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के प्रदेश अध्यक्ष भूरा पहलवान ने सभी अतिथियों एवं पहलवानों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और खेलों को बढ़ावा मिलता है
« Newer PostsOlder Posts »