Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

March 20, 2026

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

हाथरस। जनपद के सादाबाद क्षेत्र की न्याय पंचायत कजरोटी में गुरुवार रात अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे किसानों की चिंता कई गुना बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बेमौसम बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। यह बारिश उस समय हुई जब किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है।
गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर गेहूं की बालियां टूटकर गिर गईं और दाने झड़ गए, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सादाबाद क्षेत्र में आलू की खुदाई का कार्य भी तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण यह काम पूरी तरह ठप हो गया है। खेतों में पानी भर जाने से खुदाई में देरी होगी और यदि पानी लंबे समय तक भरा रहा तो जमीन के अंदर ही आलू सड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों का कहना है कि अभी बड़ी संख्या में खेतों में खुदाई बाकी है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि अब ओले गिरते हैं, तो बची-खुची फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। लगातार बदलते मौसम ने खेती-किसानी को बड़ा झटका दिया है।

मुख्यमंत्री ने ईद के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

लखनऊ : 20 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ईद-उल-फ़ितर के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईद-उल-फ़ित्र का त्यौहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।

उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह को किया जाएगा सम्मानित

मथुरा। उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह को उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बरेली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक चलती स्कूल बस में आग लगने की भयावह घटना के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए 38 स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। इस दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए कर्तव्य का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
बृज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि सत्येंद्र सिंह की वीरता और समर्पण को देखते हुए समिति द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे जांबाज अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह की इस साहसिक कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। लोगों ने उन्हें सच्चे देशभक्त का परिचय देने वाला अधिकारी बताते हुए सम्मानित किए जाने के निर्णय का स्वागत किया है।

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

मथुरा, अतुल कुमार जिंदल। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद मथुरा में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा के निर्देशन में थाना फरह एवं महिला थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर, गुड टच एवं बैड टच की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी जैसी घटनाओं से घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करें और हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराएं।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया तथा महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा एवं 1930 साइबर हेल्पलाइन—की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

चेटीचंड पर सिंधी समाज की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
20/03/2026

• झूलेलाल भगवान की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

• सिंधी नववर्ष के रूप में मनाए जाने वाले चेटीचंड पर उमड़ी आस्था, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय

गोरखपुर।
चेटीचंड के अवसर पर सिंधी समाज गोरखपुर द्वारा विकास नगर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरे शहर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला, वहीं “झूलेलाल भगवान की जय” के जयकारों से वातावरण लगातार गुंजायमान रहा।
गौरतलब है कि चेटीचंड सिंधी समाज का प्रमुख पर्व एवं नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन भगवान झूलेलाल के अवतरण का उत्सव मनाया जाता है, जिन्हें सिंधी समाज जल के देवता और अपने आराध्य के रूप में पूजता है। मान्यता है कि उन्होंने समाज की रक्षा करते हुए धर्म और सद्भाव का संदेश दिया।
शोभायात्रा को समाज के 17 मुखीसाहेबान एवं उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के सदस्य नरेश बजाज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुरुआत से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा था।
यात्रा के अग्रभाग में सजे रथ पर भगवान श्री झूलेलाल की आकर्षक झांकी सजाई गई थी, जो की साईं रवि दास की अगुवाई में चल रही थी जिसने लोगों का ध्यान खींचा। इसके पीछे श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे। मार्ग के कई स्थानों पर लोगों ने रुककर शोभायात्रा का स्वागत भी किया।
इस वर्ष शोभायात्रा में सिंधी समाज की महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। पारंपरिक परिधानों में शामिल लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
शोभायात्रा विकास नगर से शुरू होकर गोरखनाथ स्थित श्री झूलेलाल मंदिर पहुंची, जहां पटेल ऐलानी चौथराम ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए लक्ष्मी सत्संग भवन पहुंची, जहां आरती-पूजन के उपरांत लंगर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शरद लखमानी, प्रकाश केशवानी और दीपक लखमानी की अहम भूमिका रही। वहीं महामंत्री देवा केशवानी के नेतृत्व में युवा सिंधी समाज के कमल मंझानी, नरेश कर्मचंदानी, मनोज सचदेवा, विक्की कुकरेजा और वशु पहुजा सहित कई लोग सक्रिय रूप से जुड़े रहे।

« Newer PostsOlder Posts »