Web News

www.upwebnews.com

नवागत थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने लिया बलदेव में चार्ज

January 6, 2026

नवागत थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने लिया बलदेव में चार्ज

मथुरा। पुष्पेंद्र कुमार को थाना बलदेव का थाना प्रभारी बनाया गया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को बढ़ाया जाएगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य आम जनता में विश्वास और अपराधियों में भय का माहौल बनाना है। थाने में आने वाले परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समय पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि थाना क्षेत्र में कहीं भी कोई अपराध होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, शांति व्यवस्था कायम रखना व नागरिकों के बीच पुलिस की बेहतर कार्य कुशलता व छवि प्रस्तुत करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्थानीय व्यापारी नेता विनोद मोदी,युवा नेता मोहित चौधरी,शुभम चौधरी,आचार्य मनीष गर्गाचार्य, सुजीत वर्मा,आदि ने नवागत थाना प्रभारी का सम्मान कर बधाई दी।

सिपाही भर्ती में 3 साल की छूट

♦लखनऊ, 06 जनवरी 2026, पुलिस विभाग में सिपाही पदों पर भर्ती के लिए मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दी है।

ज्ञातव्य की प्रदेश में नागरिक पुलिस, सशस्त्र बल, पीएसी, जेल बार्डर पुलिस, महिला आरक्षी के पदों के लिए 32679 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

नहाने के विवाद में संघर्ष, कैदी ने गैंगस्टर का गाल काटा

महोबा। Mahoba Jila Jail ज़िला उपकारागार में नहाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया। जेल के बाथरूम में पानी पड़ने को लेकर दो कैदियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक कैदी ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी के गाल को दांतों से काट लिया, जिससे उसका मांस कटकर लटक गया।
घटना में 27 वर्षीय कैदी कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वह जून 2021 से गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल में निरुद्ध है। आरोप है कि जानलेवा हमले के मामले में फरवरी 2023 से जेल में बंद कैदी हरिओम तिवारी से नहाने के दौरान पानी पड़ने को लेकर उसका विवाद हुआ था। गुस्से में हरिओम ने कमलेश पर हमला कर उसके जबड़े और गाल को दांतों से काट लिया।
घायल कैदी के जोर-जोर से चिल्लाने पर जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेल प्रशासन ने आनन-फानन में कमलेश को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसके गाल पर चार टांके लगाए। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया।
जेल परिसर के भीतर हुई इस गंभीर मारपीट की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन इसे सामान्य घटना बताते हुए टिप्पणी करने से बचता नजर आ रहा है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला उपकारागार की बताई जा रही है।

कन्नौज जेल से दो कैदी फरार, चार जेल कर्मी निलंबित

कन्नौज। Kannauj जिला जेल से दो कैदियों के फरार होने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जेल कर्मियों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में चार जिला जेल कर्मियों को दोषी पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए कर्मियों में जेल वार्डर शिवेंद्र सिंह यादव, जेल वार्डर शिवचरन, उप कारापाल बद्री प्रसाद और कारापाल विनय प्रताप सिंह शामिल हैं। सभी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की विस्तृत जांच डीआईजी कारागार, कानपुर परिक्षेत्र को सौंपी गई है। साथ ही जिला जेल कन्नौज के अधीक्षक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बताया गया है कि फरार हुए दोनों बंदी अंकित और डम्पी कन्नौज जिला जेल से भागने में सफल रहे। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं फरार कैदियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

January 5, 2026

बुलंदशहर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, पूर्व विधायक के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या

बुलंदशहर। Bulandshahar यूपी के बुलंदशहर जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में रविवार देर शाम जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव ग्यासपुर के निकट स्थित एक बाग की पैमाइश के दौरान दबंगों ने बसपा के पूर्व विधायक मरहूम हाजी अलीम के भतीजे सूफियान (43) की लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमले में सूफियान का बड़ा भाई अकरम (45) गंभीर रूप से घायल हो गया।
पैमाइश के दौरान भड़का विवाद
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा के पास स्थित बाग की भूमि को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को सूफियान और अकरम बाग की पैमाइश कराने मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सूफियान और अकरम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सूफियान को मृत घोषित कर दिया। अकरम की हालत गंभीर होने पर उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूफियान की मौत की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए जिला अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। तनाव को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है।

« Newer PostsOlder Posts »