Web News

www.upwebnews.com

मलबे में दबने से पति-पत्नी और मासूम बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

September 26, 2026

मलबे में दबने से पति-पत्नी और मासूम बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी:नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में शनिवार सुबह तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक घर की कच्ची दीवार और छप्पर अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मलबे के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 10 वर्षीय बेटा शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार रहमतपुर गांव के रहने वाले मोहन कश्यप (उम्र करीब करीब 40 वर्ष), अपनी पत्नी कविता और 10 साल के बेटे के साथ घर के अंदर सो रहे थे। रात भर से इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसके कारण मिट्टी की कच्ची दीवार पूरी तरह नम होकर कमजोर हो चुकी थी। सुबह करीब साढ़े तीन बजे दीवार अचानक ढह गई और उसके साथ भारी छप्पर भी नीचे आ गिरा। सो रहे परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों गहरे मलबे में दब गए।दीवार गिरने की जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए अपनी तरफ से बचाव कार्य शुरू किया और मलबे को हटाना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नीमगांव थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई।ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मलबे के भारी दबाव और दम घुटने के कारण तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
एक साथ हंसते-खेलते परिवार के तीन लोगों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे रहमतपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा शुरू कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।इस दुखद घटना ने बारिश के मौसम में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे मकान बेहद संवेदनशील स्थिति में हैं, जिन पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने और पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सख्त जरूरत है।लोगों की मांग है कि क्षेत्र में कच्चे मकान का सर्वे कराया जाए और उनको पात्रता के अनुसार सरकारी आवास दिलाया जाए जिससे ऐसी दुर्घटना से बचा जा सके वहीं घटना के बाद पहुँचे एसडीएम मितौली सन्तदास पंवार राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँच गई थी।नीमगांव थाना क्षेत्र में दूसरा हादसा गुलौला ग्राम पंचायत के मजरा रमुआपुर में हुआ जहां मिट्टी की दीवार गिरने से बाप बेटा दब गए हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल लेकर के जा रहे थे किन्तु आँधी में गिरे पेड़ के कारण घायल अस्पताल तक पहुँच पाने में भारी संघर्ष किया।

एटा में अवैध खनन पर जिलाधिकारी की सख्ती, ट्रैक्टर लोडर संचालक पर दो लाख का अर्थदंड

नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार जारी रहेगी कार्यवाही

एटा 26 सितम्बर उप्रससे। जनपद में अवैध खनन एवं उपखनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देश पर प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के साधारण मिट्टी का अवैध खनन/परिवहन किए जाने के मामले में संबंधित ट्रैक्टर वाहन स्वामी के विरुद्ध दो लाख रुपए का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है।

थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा साधारण मिट्टी का अवैध खनन/परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-लोडर को पकड़ा गया था। अग्रिम आदेशों तक उक्त वाहन को थाना कोतवाली देहात में अभिरक्षा में रखे जाने हेतु खाद्य निरीक्षक, द्वारा निर्देशित किया गया।
जांच के दौरान वाहन संख्या UP 82 AQ 7656 के माध्यम से साधारण मिट्टी के खनन/परिवहन का प्रकरण पाया गया। प्रकरण में उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) (यथा संशोधित) नियमावली-2021 के नियम-3 एवं नियम-58 के उल्लंघन के आधार पर जिलाधिकारी एम.अरुन्मोली द्वारा संबंधित के विरुद्ध दो लाख रुपए का अर्थदण्ड आरोपित किया गया।
जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनपद में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के खनन अथवा उपखनिजों का अवैध परिवहन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार लगातार प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए दोषी व्यक्तियों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

September 25, 2026

लखीमपुर को मिली बड़ी रेल सौगात भुज बरौनी के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस

भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला भुज और बरौनी के बीच दौड़ेगी नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस
उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी :भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा और राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। रेल मंत्रालय ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच एक नई त्रि-साप्ताहिक (हफ्ते में तीन दिन) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मंजूरी दे दी है। यह नई रेल सेवा गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को आपस में जोड़ते हुए कुल 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।सप्ताह में 3 दिन चलेगी यह सेवा (टाइम-टेबल)रेल मंत्रालय द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार यह ट्रेन दोनों दिशाओं से हफ्ते में तीन-तीन दिन चलाई जाएगी,ट्रेन नंबर 19427 (भुज-बरौनी): यह ट्रेन भुज से शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और यात्रा पूरी कर अगले दिन सुबह 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। यह सेवा प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी।ट्रेन नंबर 19428 (बरौनी-भुज) वापसी की दिशा में यह ट्रेन बरौनी से रात 23:55 बजे रवाना होगी और दोपहर 13:15 बजे भुज पहुंचेगी। यह सेवा हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध होगी।इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव,यह नई ट्रेन देश के पश्चिमी हिस्से से पूर्वी हिस्से के बीच के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को आपस में जोड़ेगी। यात्रा के दौरान इस ट्रेन के प्रमुख कमर्शियल स्टॉपेज (ठहराव) इस प्रकार होंगे,गुजरात व राजस्थान सामाख्याली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर।उत्तर प्रदेश,मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा और गोरखपुर।बिहार,सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर।यात्रियों को मिलेगा नया और किफायती विकल्प,रेल मंत्रालय के अनुसार, इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त और किफायती रेल सफर का विकल्प मिलेगा। इससे न केवल गुजरात और बिहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मध्यवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को भी आवागमन में काफी आसानी होगी। यह ट्रेन खास तौर पर उन प्रवासियों और कामगारों के लिए वरदान साबित होगी जो इन राज्यों के बीच नियमित यात्रा करते हैं।रेलवे ने गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच नई त्रि-साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी है, 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ेगी, ट्रेन का ठहराव लखीमपुर में भी होगा, गाड़ी संख्या 19427 भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 5:30 बजे चलेगी और बरौनी सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी, वापसी में गाड़ी संख्या 19428 बरौनी से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार रात 11:55 बजे चलेगी और भुज दोपहर 1:15 बजे पहुंचेगी, मार्ग में अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सहित प्रमुख स्टेशन शामिल हैं

अवैध मदिरा बिक्री पर रोक में लापरवाही पर आबकारी इंस्पेक्टर के निलंबन के निर्देश

शाहजहांपुर, 24 सितंबर।( संजीव गुप्त ) जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में सीएम डैशबोर्ड (कानून व्यवस्था), नारकोटिक्स, आबकारी एवं अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कलान क्षेत्र में अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित आबकारी इंस्पेक्टर की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नारकोटिक्स सेल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की भी समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
______

श्रम विभाग, शाहजहाँपुर के तत्वाधान में K.R. Pulp & Paper, पिपरौला, शाहजहाँपुर में श्रमिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन

शाहजहांपुर —( संजीव गुप्त ) श्रम विभाग, शाहजहाँपुर द्वारा K.R. Pulp & Paper पिपरौला, शाहजहाँपुर में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श हेतु श्रमिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय विधायक ददरौल श्री अरविंद कुमार सिंह जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर में सहायक श्रम आयुक्त श्री के. के. गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह व श्री नागेन्द्र त्रिपाठी एवं श्रम विभाग के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मैसर्स K.R. Pulp & Paper की ओर से डायरेक्टर श्री राजगोपाल अग्रवाल तथा अन्य अधिकारीगण सर्वश्री विकास गुप्ता, जे०पी० गुप्ता, अतुल गुप्ता, आर०के० सैनी, सुरेन्द्र शर्मा, पी०के० गुप्ता, आकाश मिश्रा इत्यादि उपस्थित रहे। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के डॉक्टर, ई०एस०आई०एस० के चिकित्सक एवं चिकित्सा दल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वरूण अर्जुन मेडिकल कॉलेज के मेडिकल स्टाफ द्वारा भी शिविर में सक्रिय सहभागिता की गयी।

चिकित्सा शिविर में दंत रोग, अस्थि एवं जोड़ रोग, त्वचा रोग, जनरल फीजिशियन इत्यादि विशेषज्ञ टीमों द्वारा शिविर में उपस्थित श्रमिकों/कर्मचारियों की बी०पी०, शुगर, रक्त की जांच, ई०सी०जी०, आंख/कान/गले की जांच एवं अन्य आवश्यक जांचे की गयी। चिकित्सकों द्वारा जांचोपरान्त श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिये गये एवं आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गयीं।

माननीय विधायक श्री अरविंद कुमार सिंह जी ने इस अवसर पर श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें तथा पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

शिविर में श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ने एवं उनके अधिकारों तथा कल्याणकारी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया गया। शिविर में K.R. Pulp & Paper के बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
—–

« Newer Posts — Older Posts »