Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में सर्किट हाउस निर्माण को मंजूरी

February 20, 2026

हाथरस में सर्किट हाउस निर्माण को मंजूरी

Shweta Chaudhary Hathras Nagar Palika Chairperson
निरीक्षण करती पालिकाध्यक्ष  श्वेता चौधरी
हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस के वार्ड नंबर 19 हतीसा भगवन्तपुर स्थित पालिका स्वामित्व भूमि पर सर्किट हाउस निर्माण को राज्य सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए जिला अधिकारी द्वारा प्रस्तावों को स्वीकृति देने की प्रक्रिया जारी है।
नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य को क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रस्तावित सर्किट हाउस के निर्माण से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए आधुनिक अतिथि सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस संबंध में पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने मौके पर पहुंचकर भूमि की साफ-सफाई एवं जल निकासी कार्य का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सर्किट हाउस के निर्माण से नगर में प्रशासनिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी तथा इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 19 के सभासद हिमांशु कौशिक, राना, रवि सोखिया, रोहित राज, जितेंद्र सिंह सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

बाजिदपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ललिता के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बाजिदपुर निवासी गुड्डू से हुई थी। बताया जाता है कि पति सूरत की एक गद्दा फैक्ट्री में कार्यरत है। दंपति का एक छोटा बच्चा भी है।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता तोताराम, निवासी जिरौलीखुर्द, ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ललिता को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।

भैंस चोरी के आरोप में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के दो गुट भिड़े

हाथरस। कोतवाली नगर क्षेत्र के वैभव नगर कॉलोनी के पास मंगलवार सुबह भैंस चोरी के आरोप को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष लाठी-डंडों व लोहे की सरियों के साथ आमने-सामने आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।
सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 7 लोगों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं 4 घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

संत प्रेमानंद से मिलने वृंदावन पहुंचे विराट कोहली – अनुष्का शर्मा

मथुरा । विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मंगलवार को वृंदावन पहुंचे, जहाँ उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद  महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात आश्रम श्री हित राधा केली कुंज (वराह घाट) में हुई।
विराट और अनुष्का पूरे भक्तिभाव के साथ प्रेमा नन्द महाराज  के एकांतिक वार्तालाप में शामिल हुए। इस दौरान दोनों के गले में तुलसी की माला देखी गई। महाराज जी ने उन्हें विनम्र बने रहने और अपने कार्य को ईश्वर की सेवा के रूप में देखने का उपदेश दिया, अनुष्का ने महाराज जी से अपने बच्चों, अकाय और वामिका के लिए भी आशीर्वाद मांगा।
यह साल 2026 की उनकी हालिया यात्रा है, जबकि इससे पहले भी वे 2025 में जनवरी, मई और दिसंबर के दौरान कई बार महाराज जी के दर्शन कर चुके हैं।विराट और अनुष्का अपनी व्यस्त जीवनशैली और हाल के क्रिकेट दौरों (जैसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच का समय) के बाद आध्यात्मिक शांति के लिए वृंदावन आते रहते हैं।

मथुरा में फांसी के फंदे पर लटका मिला होमगार्ड का शव, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

ई – चालान कार्यालय परिसर की है घटना
मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह ई-चालान ऑफिस परिसर में एक होमगार्ड का शव फांसी पर लटका मिला। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटना स्थल का  निरीक्षण कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार की सुबह जब कार्यालय के कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने होमगार्ड का शव पंखे के कुंडे से लटका देखा। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सदर बाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बलदेव थाना क्षेत्र के ग्राम बिरौना निवासी लखन पुत्र मलखान सिंह के रूप में हुई है। लखन की ड्यूटी ई-चालान ऑफिस में थी और वह मंगलवार रात ड्यूटी पर आया था।
बुधवार को  सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
« Newer PostsOlder Posts »