Web News

www.upwebnews.com

चौमुहां में भव्य हुरंगे का आयोजन, हुरियारिनों को साड़ी देकर किया सम्मानित

March 7, 2026

चौमुहां में भव्य हुरंगे का आयोजन, हुरियारिनों को साड़ी देकर किया सम्मानित

समाजसेवी पूरन सिसौदिया के प्रयास से जीवंत हुई ब्रज की परंपरा
मथुरा(चौमुहां)। कस्बे के भरतिया रोड स्थित सरकारी गौशाला के समीप ब्रज की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप भव्य हुरंगे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं समाजसेवी बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया द्वारा किया गया, जो पिछले कई वर्षों से अपनी निजी निधि से इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी उपस्थित रहे। हुरंगे के दौरान ब्रज की पारंपरिक होली और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हुरियारों और हुरियारिनों के बीच हंसी-ठिठोली और उमंग की बौछारों से माहौल सराबोर हो गया।
आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता हुरियारिनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन की गरिमा बढ़ाते हुए प्रत्येक प्रतिभागी हुरियारिन को एक-एक साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरदेव चौधरी ने कहा कि ब्रज की होली और हुरंगा केवल उत्सव नहीं बल्कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा कि पूरन सिसौदिया जैसे समाजसेवी अपनी मेहनत और संसाधनों से इन परंपराओं को संजोए हुए हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
आयोजक समाजसेवी व भाजपा नेता बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया ने कहा कि ब्रज संस्कृति की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हुरंगा ब्रज की ऐसी लोक परंपरा है जो ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर सभी को प्रेम के सूत्र में बांधती है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम देर शाम तक उत्साह और उल्लास के साथ चलता रहा।
इस मौके पर सतीश शर्मा, गुड्डू पहलवान, द्वारिकाधीश यादव, पूर्व चेयरमैन ओंकार सिंह, पवन, संजय सिंह, नेत्रपाल, कुलदीप, गिर्राज नेता, रवींद्र सिंह, देवेंद्र पहलवान, मानसिंह आदि मौजूद रहे।

दायित्व का निर्वाह करें जन सूचना अधिकारी : राज्य सूचना आयुक्त

( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर। राज्य सूचना आयुक्त डॉ दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि शाहजहांपुर विकास की राह पर निरंतर प्रगति कर रहा है। जन सूचना अधिकारियों को इसमें अपने दायित्व का गम्भीरता के साथ निर्वाह करना चाहिए। उन्हें निर्धारित अवधि में आवेदनों का जवाब प्रेषित करना चाहिए। राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को यहां अच्छे अर्थों में सम्मान मिला। वर्तमान प्रदेश सरकार ने उनके नाम पर जिले को मेडिकल कॉलेज का उपहार दिया है। मेडिकल कॉलेज का इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं। एक जिला एक उत्पाद के साथ ही एक जिला एक मेडिकल कॉलेज योजना यहां चरितार्थ हो रही है। सीमेंट कंपनी समेत कई औद्योगिक कारखाने हैं। जरी-जरदोजी का जो हस्तशिल्प दम तोड़ने के कगार पर पहुंच चुका था, उसे अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। गंगा एक्सप्रेस वे से इस जनपद को व्यापक लाभ मिलेगा। औद्योगिक गलियारा का निर्माण प्रगति पर है।

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यायालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित

Hari Om Gupta

गाजियाबाद 7 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर में मा0 जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत की अध्यक्षता व जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़, सीडीओ श्री अभिनव गोपाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मा0अति​थिगणों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। मा0 जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी एवं विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाये गये, जिसका अतिथिगणों द्वारा अवलोकन किया गया। इसमें आगुन्तकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गयी और आवेदन भी कराये गये। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।

सामौर बाबा महोत्सव में सजेगा ‘काव्य दरबार’, रविवार को होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

*मंत्री जयवीर सिंह के आमंत्रण पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण होंगे समारोह में शामिल*

*हास्य, व्यंग्य और वीर रस की रचनाओं से सजेगा मंच, पद्मश्री सुनील जोगी सहित कई नामचीन कवि करेंगे काव्य पाठ*

*आस्था और साहित्य का संगम बनेगा सामौर बाबा महोत्सव- जयवीर सिंह*

*सामौर बाबा महोत्सव हमारी आस्था, साहित्य और संस्कृति का उत्सव- जयवीर सिंह*

फिरोजाबाद। सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव के अंतर्गत रविवार को भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘सामौर बाबा महोत्सव क्षेत्र की आस्था, संस्कृति, साहित्य और परंपरा को एक साथ जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक और साहित्यिक वातावरण को मजबूत करते हैं। युवाओं को भारतीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।’

*’महोत्सव सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक’*
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, ‘सामौर बाबा महोत्सव हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जैसे आयोजन साहित्यकारों और श्रोताओं को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और युवाओं को साहित्य से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रतीक है।’

*मंच पर गूंजेगा हास्य और वीर रस*
कवि सम्मेलन में पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील जोगी अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। वहीं, वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ओजपूर्ण काव्य पाठ कर देशभक्ति का जोश भरेंगे। इसके अलावा गौरव चौहान, पद्मिनी शर्मा, योगिता चौहान, हेमंत पांडे और मुकेश मणिकांचन सहित कई ख्याति प्राप्त कवि अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे।

*कवि सम्मेलन को लेकर उत्साह*
कवि सम्मेलन को लेकर क्षेत्र के साहित्य प्रेमियों और आगंतुकों में खासा उत्साह है। सामौर बाबा धाम परिसर को कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार यह कवि सम्मेलन महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

एटा में पैदल जा रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

एटा 07 मार्च उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक राजेंद्र (60 वर्ष) पुत्र हुकुम सिंह, निवासी सुपैती, थाना मिरहची नाई की दुकान से दाढ़ी बनवाकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी आसेपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने घायल राजेंद्र को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही राजेंद्र ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के भाई कुंवरपाल ने बताया कि राजेंद्र दाढ़ी बनवाकर घर लौट रहे थे और सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक बोलेरो कार ने उन्हें टक्कर मारी थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

« Newer PostsOlder Posts »