Web News

www.upwebnews.com

विश्व कीर्तिमान के साथ होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ

April 6, 2026

विश्व कीर्तिमान के साथ होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
05/04/2026

*एमपीआईटी में टीसीएस के सहयोग से स्थापित हुआ है पूर्वी यूपी का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस*

*शुभारंभ अवसर तक पांच लाख युवाओं को ‘एआई फॉर आल’ ट्रेनिंग वर्कशॉप से जोड़ने की तैयारी*

*किसानों और कृषि विद्यार्थियों के लिए एआई अवेयरनेस फॉर फार्मर्स वर्कशॉप भी होगा*

*15 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ, टीसीएस के चेयरमैन भी रहेंगे मौजूद*

गोरखपुर, 5 अप्रैल। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी शिक्षण संस्थान महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) के सहयोग से बने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ एक विश्व कीर्तिमान के साथ होगा। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर टीसीएस एवं टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन भी उपस्थित रहेंगे। शुभारंभ के अवसर पर एमपीआईटी ने एआई फॉर आल ट्रेनिंग वर्कशॉप के लिए पांच लाख युवाओं को पंजीकृत करने की तैयारी की है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और साइबर सिक्योरिटी जागरूकता पर निशुल्क 60 दिवसीय इस वर्कशॉप को एमपीआईटी की तरफ से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, टीसीएस और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के साथ संयुक्त पहल के रूप में कराया जाएगा।

एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल के अनुसार ट्रेनिंग वर्कशॉप के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। इसका लिंक एमपीआईटी की वेबसाइट पर उपलब्ध है, 9 अप्रैल तक पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एआई अवेयरनेस फॉर आल के साथ ही किसानों और कृषि विद्यार्थियों के लिए ‘एआई अवेयरनेस फॉर फार्मर्स’ वर्कशॉप के लिए पंजीकरण शुरू किया गया है। इसमें एक हजार किसानों और कृषि विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वर्कशॉप पूर्णतः निशुल्क है और इसका शुभारंभ भी 15 अप्रैल को होगा।

एआई अवेयरनेस तथा साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस प्रोग्राम में एआई का परिचय, जेनेरेटिव एआई टूल्स, प्रॉम्प्टिंग एंड प्रोडक्टिविटी, रिस्पांसिबल एआई यूज, साइबर हाइजीन, फ्रॉड प्रिवेंशन, पासवर्ड एंड ओटीपी सेफ्टी और सेफ डिजिटल प्रैक्टिसेज के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त होगा। जबकि एआई अवेयरनेस फॉर फार्मर्स वर्कशॉप में कृषि में एआई, मौसम और फसल योजना, डिजिटल फार्मिंग टूल्स और रूरल प्रोडक्टिविटी सपोर्ट के बारे में विस्तार से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

*50 करोड़ रुपये की लागत से बना है सेंटर ऑफ एक्सीलेंस*
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में टीसीएस के सहयोग से पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हुआ है। इसे विश्व स्तरीय मानक के अनुरूप विकसित किया गया है। इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कॉम्प्लेक्स में ड्रोन टेक्नोलॉजी एंड थ्री डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्युरिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कुल छह तरह के पाठ्यक्रम (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्युरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, थ्री डी प्रिंटिंग समेत एकीकृत पाठ्यक्रम) संचालित होंगे। बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स में हर पाठ्यक्रम के लिए एक अलग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस होगा। एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल के अनुसार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ढांचागत निर्माण पर 19.35 करोड़ रुपये, फर्नीचर व फर्निशिंग पर 2.40 करोड़, ड्रोन टेक्नोलॉजी सेंटर पर 1.84 करोड़, एआई सेंटर पर 9.56 करोड़, स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर पर 2.09 करोड़, साइबर सिक्योरिटी सेंटर पर 6.19 करोड़ और थ्री डी प्रिंटिंग सेंटर पर 6.79 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

*एमपीआईटी से लाभान्वित होंगे 15 अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थान*
एमपीआईटी के सभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेंगे। यहां न केवल एमपीआईटी के छात्रों को बल्कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से अनुमोदित 15 अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों को भी ग्लोबल कोर्सेज में शामिल होने की सुविधा मिलेगी। जो संस्थान एमपीआईटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से लाभान्वित होंगे उनमें मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक गोरखपुर, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक गोरखपुर, महामाया राजकीय पॉलिटेक्निक हरिहरपुर खजनी, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी गोरखपुर सेंटर, महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक गोरखपुर, बुद्धा इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी गीडा गोरखपुर, बुद्धा पॉलिटेक्निक कॉलेज गीडा गोरखपुर, आईटीएम गीडा गोरखपुर, आईटीएम पॉलिटेक्निक गीडा गोरखपुर, केआईपीएम कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी गीडा गोरखपुर, लिटिल फ्लावर पॉलिटेक्निक गोरखपुर, महामानव गौतम बुद्ध पॉलिटेक्निक बनकटी खुर्द, सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ़ इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी हक्काबाद गोरखपुर और विकास इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी गोरखपुर शामिल हैं।

एटा में आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त होकर कार पर गिरा पोल

अलीगंज मार्ग पर यातायात हुआ बाधित

एटा 05 अप्रैल उप्रससे। जनपद के अलीगंज क्षेत्र में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। एटा-अलीगंज मार्ग पर चौधरी मुख्तयार सिंह कॉलेज के पास बिजली के कई पोल टूटकर गिर गए। इसी दौरान एक चलती ईको कार पर भी एक बिजली का पोल गिर गया, हालांकि कार सवार बाल-बाल बच गए। इस घटना से कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

तेज हवाओं और बारिश के चलते एक विशाल पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गया, जिससे लगभग आधा दर्जन बिजली के खंभे सड़क पर धराशायी हो गए। एक बिजली का पोल सीधे ईको कार के ऊपरी हिस्से पर गिरा, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि तारों में करंट होता तो यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी और जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद एटा-अलीगंज मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गिरे हुए पोल और पेड़ को हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

उपकेंद्र अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि तेज आंधी और बरसात की वजह से आठ विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। आपूर्ति सुचारु करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

एटा में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसान परेशान

एटा 06 अप्रैल उप्रससे। जनपद में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से गेहूं, मक्का, तम्बाकू सहित कई फसलें चौपट हो गईं।

एटा जनपद में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। अचानक तेज हवाओं के हुई बारिश में ओले गिरने लगे, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं, मक्का, तम्बाकू और अन्य फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गईं। मौसम के इस बदले मिजाज से किसान खासे परेशान नजर आए। जिन फसलों की कटाई का समय नजदीक था, वे ओलों की मार से झुक गईं या गिर गईं। कई जगहों पर गेहूं की बालियां जमीन पर बिछ गईं, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। इससे पहले अलीगढ़ और कासगंज में भी इसी तरह की ओलावृष्टि की खबरें सामने आई थीं, और अब एटा में भी किसानों को नुकसान झेलना पड़ा है।

गांव के किसान रामपाल ने बताया, “हम लोग कई महीनों से मेहनत कर रहे थे, फसल तैयार खड़ी थी। अचानक आए ओलों ने सब बर्बाद कर दिया। अब समझ नहीं आ रहा कि लागत भी निकल पाएगी या नहीं। सरकार से मदद की उम्मीद है, नहीं तो बहुत दिक्कत हो जाएगी।”

किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही सर्वे कराकर मुआवजा नहीं दिया गया तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराया जाए।

वर्जन
एसडीएम सदर श्रवेता सिंह ने बताया कि ओले गिरने से किसानों के नुकसान की जांच कराई जाएगी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

सत्ता नहीं, संस्कार की है भाजपा की विकास यात्रा : मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
06/04/2026

भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम पर फहराया पार्टी का झंडा

पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ देशवासियों की आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा राष्ट्रवादी परिवार : सीएम योगी

गोरखपुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पार्षद दुर्गेश बजाज, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। @BJP4India मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल जी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है।’

सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा, ‘राष्ट्र प्रथम (Nation First) की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है। भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है।’

इस्टीमेट मंगाइए, इलाज खर्च में सरकार करेगी भरपूर मदद : सीएम योगी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
06/05/2026

जनता दर्शन : गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाने वालों को मुख्यमंत्री ने किया आश्वस्त

गोरखनाथ मंदिर में 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

अधिकारियों को दिए त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण के दिए निर्देश

गोरखपुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि वे उच्चीकृत अस्पताल से इस्टीमेट मंगवा लें, इलाज खर्च में सरकार भरपूर आर्थिक मदद करेगी। सीएम योगी ने इसे लेकर अफसरों को निर्देशित भी किया कि जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों से एक-एक करके समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को हस्तगत किए। उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने या घबराने होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। कैंसर से पीड़ित अपने परिजन के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंची एक महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में मरीज को दिखाकर इस्टीमेट मंगवा लीजिए। इलाज में पूरी मदद की जाएगी।

*जरूरतमंद बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था होगी*
जनता दर्शन में एक बिटिया ने कमजोर पारिवारिक आर्थिक स्थिति का जिक्र कर पढ़ाई के लिए फीस जमा करने में आ रही बाधा की बात मुख्यमंत्री को बताई। इस पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था की जाए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर से आई एक जरूरतमंद महिला को पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

« Newer PostsOlder Posts »