Web News

www.upwebnews.com

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसाः तीन की मौत, 12 घायल

June 18, 2026

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसाः तीन की मौत, 12 घायल

आगरा। आगरा-ग्वालियर रोड पर थाना सैंया क्षेत्र के सिकंदरपुर के निकट (कुनाल कॊलेज के पास) आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि आगरा की ओर से तेज रफ्तार से जा रही एक कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह हादसा सुबह साढ़े सात बजे हुआ।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों कारों के चालक समेत एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही थाना सैंया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकलवाकर तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों के नाम रिंकू (35 वर्ष) निवासी तसीमा-धौलपुर, विवेक (30 वर्ष) और मीना (55 वर्ष) निवासी दतिया (एमपी) बताये गये हैं जबकि घायलों में सुमित (18), साहिल (19), मनमोहन (21), राहुल (23), जितेंद्र (22), रोहित (20), अभिषेक (23 साल) (सभी निवासी तसीमा, धौलपुर) हैं। इसके अलावा राखी (38), शिव (18), मनी (छह), राघव (तीन), सुमित (35) निवासी दतिया (मध्य प्रदेश) भी घायलों में शामिल हैं।

बताया गया है कि धौलपुर की ओर से आगरा की ओर आ रही कार में सात लोग सवार थे जो आगरा में कोई परीक्षा देने आ रहे थे। दूसरी ओर आगरा से धौलपुर की ओर जा रही कार में दो व्यक्ति, महिलाएं व बच्चे सवार थे।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक आगरा-ग्वालियर रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या, खेत में मिला शव, लोगों में गुस्सा

आगरा। थाना सदर क्षेत्र के सुल्तानपुरा में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। छोटी बस्ती निवासी 24 वर्षीय शोरू की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर बदहवास हो गए। वहीं, क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक शोरू रोज की तरह बुधवार सुबह करीब सात बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

—चेहरे पर किए गए कई वार

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। चेहरे और सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से कई वार कर उसकी हत्या की। शव के आसपास खून के निशान भी मिले हैं, जिससे संभावना है कि हत्या घटनास्थल पर ही की गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और हाल के संपर्कों की भी जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

June 16, 2026

नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना से पशुपालकों को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

Posted on 16.06.2026 Time 10.33 PM Mathura Vrandavan
मथुरा। प्रदेश सरकार द्वारा गोवंशीय पशुओं में नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से “नन्द बाबा दुग्ध मिशन” के अंतर्गत “नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना” संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य उच्च उत्पादन क्षमता वाले गोवंश का संवर्धन, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी का स्थानीय निवासी होना, आधार एवं पहचान पत्र होना तथा गोपालन अथवा महिषपालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। इकाई स्थापना के लिए लगभग आधा एकड़ भूमि तथा चारा उत्पादन हेतु लगभग 1.5 एकड़ भूमि स्वयं की, पैतृक साझेदारी अथवा न्यूनतम सात वर्ष के अनुबंध पर होना अनिवार्य है।
योजना के तहत स्वदेशी नस्लों साहीवाल, थारपारकर, गिर अथवा गंगातीरी नस्ल के 25 गोवंशों की इकाई स्थापित की जाएगी। योजना की कुल लागत साहीवाल, थारपारकर एवं गिर नस्ल के लिए 62.50 लाख रुपये तथा गंगातीरी नस्ल (20+05 इकाई) के लिए 61 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।
गोवंश का क्रय प्रदेश के बाहर चयनित नस्लों के ब्रीडिंग ट्रैक्ट से कराया जाएगा, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। इच्छुक पशुपालक नन्द बाबा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.nandbaba.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने और आधुनिक दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की है।

कूलर में उतरे करंट से 9 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Posted on 16.06.2026 Time 10.27 PM Hathras News

हाथरस, 16 जून,  थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला मंस्या में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव नगला मंस्या निवासी बनी सिंह की 9 वर्षीय पुत्री वैष्णवी घर के अंदर चल रहे कूलर के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि कूलर में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। कूलर को छूते ही वैष्णवी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गई।कुछ देर बाद परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उसे तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल भी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।मासूम बच्ची की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

शादी के 4 साल बाद युवती की संदेहजनक स्थिति में मृत्यु, ससुराल पक्ष पर आरोप

एटा में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चार वर्ष पूर्व हुई थी शादी

एटा 16 जून उप्रससे। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के गांव दतौली में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार दतौली निवासी विनय की पत्नी निशा (24 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि निशा का मायका जनपद मैनपुरी के नगला कोठी गांव में है। परिजनों के अनुसार निशा की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंच कर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
मायके पक्ष का आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद निशा की हत्या की गई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक आर के सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी सकीट नितेश गर्ग ने बताया कि मलावन थाना क्षेत्र के गांव दतौली में एक विवाहिता की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी

« Newer PostsOlder Posts »