Web News

www.upwebnews.com

दिल्ली-आगरा हाईवे पर बड़ा हादसा टला

March 30, 2026

दिल्ली-आगरा हाईवे पर बड़ा हादसा टला

पुल की रेलिंग तोड़कर हवा में लटका ट्रैक्टरों से भरा कंटेनर
मथुरा।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-2) पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक फ्लाईओवर पर ट्रैक्टरों से लदा अनियंत्रित कंटेनर पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए बाहर की ओर हवा में लटक गया। गनीमत रही कि कंटेनर नीचे नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टरों से भरा कंटेनर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। गोविंद नगर क्षेत्र के फ्लाईओवर पर पहुंचते ही चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कंटेनर सीधे लोहे और कंक्रीट की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग पूरी तरह टूट गई और कंटेनर का अगला हिस्सा तथा एक पहिया पुल से बाहर हवा में लटक गया।
मच गई अफरा-तफरी
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दृश्य बेहद खौफनाक था और ऐसा लग रहा था कि कंटेनर किसी भी समय नीचे गिर सकता है। हालांकि, वाहन का पिछला हिस्सा पुल पर फंसा रहने से वह गिरने से बच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।
चालक सुरक्षित, राहत कार्य जारी
इस हादसे में चालक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पुल के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया और क्रेन की मदद से कंटेनर को सुरक्षित हटाने का कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना या वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

हाथरस। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता अर्शी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।मृतका की मां शबाना के अनुसार अर्शी की शादी वर्ष 2021 में कुंवरपुर निवासी इरफान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल और अतिरिक्त जेवर की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा, जहां अर्शी के शरीर, खासकर गर्दन पर चोट के निशान देखे गए, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने सुनियोजित तरीके से हत्या कर उसे सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में धूमधाम से मनाई महावीर जयंती

महावीर जयंती पर महिलाओं ने प्रभाव फेरी निकाली, भंडार में उमड़े श्रद्धालु

आज के अशांति युग में भगवान महावीर के सिद्धांत प्रसांगिक: चंद्र प्रकाश जैन

लखनऊ 30 मार्च। सोमवार को आशियाना स्थिति
श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में अहिंसा और करुणा के संदेश के साथ धूमधाम से मनाई गई महावीर जयंती। अहिंसा और अपरिग्रह के प्रणेता जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव सोमवार को श्री दिगंबर जैन सेवा समिति आशियाना द्वारा अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर आशियाना में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रातः काल ‘प्रभात फेरी’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालु भगवान महावीर के जयकारों के साथ गाते बजाते जैन धर्म की ध्वजा लिए सड़कों पर निकले।
मुख्य समारोह श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर आशियाना में आयोजित हुआ, जहाँ विद्वान पंडित राजीव जैन शास्त्री के सानिध्य में भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा संपन्न हुई। उपस्थित साधर्मी बंधुओ ने सामूहिक आरती एवं श्री महावीर विधान कर विश्व शांति की कामना की।
समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि “आज के अशांत युग में भगवान महावीर के सिद्धांत सबसे अधिक प्रासंगिक हैं। यदि हम केवल ‘अहिंसा’ और ‘अपरिग्रह’ (जरूरत से ज्यादा संग्रह न करना) को अपने जीवन में उतार लें, तो विश्व की अधिकांश समस्याओं का समाधान हो सकता है।”
इस अवसर पर समिति के मंत्री अजय जैन के साथ ही अखिलेश जैन, शरद कुमार जैन, अंकित जैन, अनूप जैन, आशीष जैन, बृजेश जैन, महिला मंडल की उपाध्यक्ष डॉ सविता जैन सांस्कृतिक मंत्री श्रीमती स्वीटी जैन, श्रीमती अनीता जैन, श्रीमती संगीता जैन, के साथ ही भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वात्सल्य भोज (भोज) के बाद सन्मति डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर आम पब्लिक के लिए किए गए विशाल भंडारे के साथ हुआ।

बकाए में 13 संपत्ति सील,एक दिन में तीन करोड़ टैक्स वसूली

नगर निगम ने वित्तीय वर्ष में अब तक वसूले डेढ़ सौ करोड़
Post on 30.3.26
Monday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद में हाउस-वाटर टैक्स समेत अन्य मदों में वसूला का नया रिकार्ड बना है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में निगम ने 150 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली का रिकार्ड बना है। वर्ष समाप्ति में अभी एक दिन बाकी हैं। सोमवार को निगम ने राजस्व वसूली में तेजी दिखाई। शहर में बनाए में तेरह संपत्तियों को सील किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में निगम टीमों ने तीन करोड़ दो लाख रूपए की टैक्स वसूली की गई।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में वित्तीय वर्ष में कर वसूली पर जोर है। नगर आयुक्त ने अधिक से अधिक टैक्स वसूल करने को सभी का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष के अंतिम सप्ताह में निगम अधिकारी लगातार टैक्स में बकाएदारों को चिन्हित कर कर वसूली कर रहे हैं। रविवार को एक करोड़ रुपए के बाद सोमवार को निगम की कर विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में तीन करोड़ से अधिक का टैक्स वसूला। इस दौरान टैक्स न अदा करने पर तेरह संपत्तियों की सील की कार्रवाई की गई।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आज धीमरी, हरथला, लाइनपार में प्रेम नगर, लाजपत नगर, फीलखाना,सराय शेख महमूद, करुला में रहमत नगर आदि जगहों पर संपत्तियां सील की गई। इस दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, केएनए प्रमोद कुमार, टीएस मंगल सिंह पापड़ा, प्रदीप कुमार चौधरी, राजस्व निरीक्षक शुभम चौहान, उमेश तोमर निरीक्षक व संग्रहकर्ता आदि रहे।
नगर आयुक्त का कहना है कि रविवार तक 146 करोड़ रुपए का राजस्व वसूला गया था। सोमवार को हाउस व वाटर टैक्स में तीन करोड़ 2 लाख रुपए वसूले गए। मंगलवार को भी टैक्स बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलेगा।

एटा में मिले सिरकटे गौवंश के अवशेष

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार किया

एटा 30 मार्च उप्रससे। जनपद में अवागढ़ थाना क्षेत्र के गदेसरा बंबा स्थित रेलवे लाइन के पास पांच गौवंश के सिर और कटे हुए अवशेष मिले हैं। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृत गौवंश के अवशेषों को कब्जे लेकर पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर पोस्टमॉर्टम कराया। उसके बाद जेसीबी की मदद से गड्ढे खुदवाकर गौवंशों का अंतिम संस्कार किया।
घटना की जानकारी मिलने पर कई हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया है। अवागढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया गया है। और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

« Newer PostsOlder Posts »