Web News

www.upwebnews.com

एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

March 18, 2026

एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

एटा 18 मार्च उप्रससे। एटा के सकरौली थाना क्षेत्र में बालगढ़ी के पास बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है

सकरौली थाना क्षेत्र में 18 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव बालगढ़ी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सकरौली चौराहे पर एक ईको वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागते समय स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। जिससे बबलू शर्मा (32) निवासी टूंडला, रचना(30) निवासी सकरौली और दिगंबर (55) निवासी नगला पार थाना रिजावली फिरोजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं स्कॉर्पियो चालक सतेंद्र कुमार (30) पुत्र करन पाल, निवासी नगला पार, थाना रिजावली, फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल घायलों को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कार चालक को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

स्कॉर्पियो कार जलेसर से रिजावली की ओर जा रही थी। रास्ते में पैदल जा रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों सहित पैदल यात्री को टक्कर मारते हुए निकल गया।

थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है, घायल चालक का इलाज जारी है।

मथुरा में चलती स्कूली बस बनी आग का गोला,

दारोगा की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
मथुरा।
मथुरा में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती स्कूली बस अचानक आग का गोला बन गई। यह घटना बरेली हाईवे पर बाद क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर आगे की बताई जा रही है। बस में करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वीआईपी ड्यूटी से लौट रहे मांट थाने के एसआई सतेंद्र सिंह की नजर बस से उठते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसे रुकवाया और स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना समय गंवाए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया, लेकिन समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
दारोगा सतेंद्र सिंह की सूझबूझ और बहादुरी से दर्जनों बच्चों की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि अभिभावकों ने राहत की सांस ली।

सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, दो युवक पुलिस की गिरफ्त में

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
18/03/2026

पीपीगंज पुलिस की कार्रवाई—मोटरसाइकिल सीज, आरोपियों पर निरोधात्मक कार्रवाई*

गोरखपुर। सोशल मीडिया पर बाइक स्टंट का वीडियो पोस्ट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। थाना पीपीगंज पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और स्टंट कर रहे दोनों युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरे प्रकरण में सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें दो युवक सड़क पर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे। यह न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा था, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय जानकारी के आधार पर दोनों युवकों की पहचान कर ली।
पहचाने गए आरोपियों में दीपू दुबे पुत्र विक्रम प्रसाद दुबे निवासी ग्राम ताजडीह, पोस्ट जगतबेला थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर तथा अंश कुमार श्रीवास्तव पुत्र दिनेश कुमार श्रीवास्तव निवासी ग्राम राजाबारी थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है।
इसके साथ ही जिस मोटरसाइकिल से स्टंट किया जा रहा था, उसे भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही और कानून उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर स्टंट करना न सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। कानून का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन चलाना ही जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक मनीष राज और कांस्टेबल गोविंद कुमार यादव की टीम शामिल रही, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह: सड़क सुरक्षा के लिए बढ़ा जागरूकता अभियान

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
18/03/2026

शास्त्री चौराहे पर 500 से अधिक हेलमेट वितरित, ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील*

गोरखपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के तहत सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शहर में जागरूकता अभियान को तेज किया गया है। इसी क्रम में गैलेंट ग्रुप की ओर से शास्त्री चौराहे पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के बीच 500 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह और एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय मुख्य रूप से मौजूद रहे।
शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल शास्त्री चौराहे पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी रोजाना तेज रफ्तार और भारी वाहनों के बीच घंटों ड्यूटी करते हैं, जिससे उनके सामने दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में उन्हें हेलमेट उपलब्ध कराना उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल आम नागरिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट का सबसे बड़ा कारण सिर पर लगने वाली चोट होती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों और सवारों से अपील की कि वे हेलमेट को अपनी आदत बनाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों को भी जागरूक करते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई। लोगों से कहा गया कि वे तेज रफ्तार से बचें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और ट्रैफिक संकेतों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता और अनुशासन ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे कारगर तरीका है।
गैलेंट ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करना और दुर्घटनाओं को कम करना है।
इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि हेलमेट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का जरूरी साधन है।

मुख्यमंत्री ने नवरात्र मेला व्यवस्थाओं की समीक्षा की

मिर्जापुर 17 मार्च, 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों तथा जनपद के विकास कार्यां की समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि व रामनवमी पर्व पर सभी मन्दिरों में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की जाए। मेला क्षेत्र में सामान्य नागरिकों के साथ ही महिलाआें की सुरक्षा के बेहतर प्रबन्ध किए जाएं। सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगवाए जाएं। पुलिस कर्मियों द्वारा श्रद्धालुआें के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए।
मुख्यमंत्री CM Yogi Adityanath ने कहा कि यात्रियां की सुविधा के दृष्टिगत मन्दिरों, घाटों एवं सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। गर्मी के दृष्टिगत शुद्ध पेयजल और आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाए। स्नान घाटों पर पर्याप्त बैरीकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। मेला क्षेत्र सहित सम्पूर्ण मीरजापुर नगर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए। मन्दिर मार्गां की मरम्मत आदि सभी कार्य ससमय पूर्ण कराए जाएं। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन किया जाए। दुकानों में श्रद्धालुआें के सामान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गंगा किनारे एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0, गोताखोर व जल पुलिस की तैनाती की जाए। नाविकों को लाइफ जैकेट उपलब्ध करायी जाए। सुरक्षा कार्यां में स्वंयसेवी संगठनों एवं सिविल डिफेन्स के सदस्यों का सहयोग लिया जाए। वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। पार्किंग चिन्हित करते समय ध्यान रखा जाए कि श्रद्धालुओं को अधिक दूरी तक पैदल न चलना पड़े। पार्किंग स्थल पर वाहनों की सुरक्षा के साथ शौचालय व पेयजल की व्यवस्था भी रहे। सभी ई-रिक्शा व आटो का सत्यापन कराते हुए यथासम्भव उनके चालकों को आई0डी0 कार्ड जारी किये जाएं। बस स्टेशनां, रेलवे स्टेशनों, रैन बसेरां व प्रमुख स्थानों पर जन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य शिविरां में चिकित्सकों, दवाईयों, एम्बुलेंस आदि की समुचित व्यवस्था रहे।
मुख्यमंत्री जी ने विकास कार्यां की समीक्षा के दौरान कहा कि विकास योजनाओं एवं निमार्णाधीन परियोजनाओं हेतु प्राप्त धनराशि का समय से सदुपयोग करते हुए कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय में पूरे कराए जाएं। लम्बित राजस्व वादों का निस्तारण प्राथमिकता पर कराया जाए। फार्मर रजिस्ट्री को शत प्रतिशत पूर्ण करने के साथ चकबन्दी के कार्य में समय-सीमा तय करते हुए कार्यां को निस्तारित किया जाए तथा कार्य में अनावश्यक विलम्ब करने वाले कार्मिकों की जबावदेही भी तय की जाए। निराश्रित गौ आश्रय स्थलों में सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हों।
मुख्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन ग्रामीण व शहरी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्तिम घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। मरम्मत कार्य हेतु प्लम्बरों को प्रशिक्षित भी कराएं। परियोजना हैण्डओवर के समय से 10 वर्ष तक ठेकेदारों के द्वारा मरम्मत के लिए एग्रीमेंट किया गया है, यदि किसी के द्वारा लापरवाही बरती जाती है, तो कार्यवाही सुनिश्चित करें। पेयजल योजनाआें के सत्यापन के लिए सम्बन्धित अधिकारी अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के साथ जाकर कार्यां का सत्यापन करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अधिकारीगण जनप्रतिनिधियों एवं उद्यमियों के साथ नियमित संवाद करें तथा समस्याओं का निराकरण करें। इससे स्थानीय स्तर पर बहुत सी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। एन0आर0एल0एम0 द्वारा गठित महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करते हुए उनके उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए। जनपद में आने वाले निवेशकों के लिए समय से भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उद्यम स्थापित होने से युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक जनपद में 100 एकड़ भूमि में सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लायमेण्ट एण्ड इण्डस्ट्रियल जोन स्थापित किये जाने हैं। इसके लिए जिलाधिकारी भूमि चिहिन्त कर शासन को अवगत कराएं। इन जोन की स्थापना से युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि गौ-तस्करी व गौकशी करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद भ्रमण के दौरान आदि शक्ति माँ विन्ध्यवासिनी देवी मन्दिर में दर्शन पूजन किया और सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने माँ विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर का अवलोकन और स्टालों का निरीक्षण भी किया।
« Newer PostsOlder Posts »