Web News

www.upwebnews.com

आदि शंकराचार्य ने वैदिक धर्म की प्रतिष्ठापना की

April 21, 2026

आदि शंकराचार्य ने वैदिक धर्म की प्रतिष्ठापना की

आदि गुरु शंकराचार्य

POSTED ON 21.04.2026 TIME 09.00 AM

शंकराचार्य के जीवन का प्रधान लक्ष्य वैदिक धर्म की प्रतिष्ठा तथा प्रचार था। उन्होंने अपने प्रखर व्यक्तित्व के बल पर इन समस्त अवैदिक अथवा अर्धवैदिक तथा नास्तिक सिद्धान्तों को जन सामान्य में अलोकप्रिय बना दिया और उनकी निःसारता प्रमाणित कर दी तथा वेद-प्रतिपाद्य अद्वैतमत का विपुल सृजन कर वैदिक धर्म को लोकप्रिय बना दिया। यही कारण है कि उन्हें साक्षात्‌ भगवान शिव का अवतार मानता गया है। अपनी विलक्षण दार्शनिक प्रतिभा के द्वारा शंकराचार्य  ने एक ऐसे दार्शनिक सिद्धान्त की स्थापना की है जो न एकदम भौतिकवाद है, न कोरा कर्मवाद और न शुष्क ज्ञानवाद। उनका अद्वैतवाद भक्ति, कर्म और ज्ञान, स्थूल और सूक्ष्म का समन्वयभूत सिद्धान्त है।

वैदिक ग्रंथ दुरुह तथा क्लिष्ट संस्कृत प्रधान होने के कारण जनसामान्य के लिए उपेक्षित बने हुए थे। आचार्य शंकर ने उपनिषदों की विशदव्याख्या कर जिस साहित्य की सृजना की वह भारतीय चिरन्तन संस्कृति की अमूल्यनिधि है। ब्रह्मसूत्र और गीता पर उन्होंने अपने सुबोध भाष्यों का प्रणयन किया। वेदान्त-दर्शन के क्षेत्र में भाष्य-प्रणयन का उनका प्रयास सर्वप्रथम तथा सर्वोत्तम है। आज जिन रामानुज आचार्यों के दार्शनिक सिद्धान्तों की तुलना शंकराचार्य के दार्शनिक सिद्धान्तों से की जाती है उनको भी भाष्य रचना की प्रेरणा आचार्य शंकर से प्राप्त हुई है। इस प्रकार वेदान्त दर्शन के क्षेत्र में भाष्य-प्रणयन परम्परा के मूल प्रवर्तक हैं।

साधारण लोगों के लिए उन्होंने प्रकरण ग्रन्थों की रचना कर अपने सिद्धान्त को बोधगम्य भाषा में सरल, सरस श्लोकों के द्वारा अभिव्यक्त किया है। इतना ही नहीं, वेदान्त शास्त्र के सिद्धान्तों के विपुल प्रचार की अभिलाषा से उन्होने अपने भाष्य ग्रन्थों पर वृत्ति तथा वार्तिक लिखने के लिए विद्वानों को प्रोत्साहित किया। शिष्यों के हृदय में उनकी प्रेरणा प्रभावशालिनी सिद्ध हुई। उन लोगों ने आचार्य से प्रेरणा ग्रहण कर जिस विपुल ग्रन्थ राशि का अद्वैत-प्रतिपादन के लिए प्रणयन किया है, उसकी रचना की प्रेरणा का मूलस्रोत आचार्य के ग्रन्थों में प्रवाहित हो रहा है। इस प्रकार अद्वैत साहित्य को जन्म देकर शंकर ने ऐसा प्रबन्ध कर दिया कि जिससे समग्र देश की जनता उनके द्वारा प्रचारित धर्म का मर्म समझे और कोई भी अद्वैत तत्त्व के उपदेश से वंचित न रह जाय। अत:  शंकराचार्य न केवल एक महान्‌ नेता है बल्कि वह जन भावनाओं को अधिगृहीत करते हुए प्रतीत होते हैं।

धर्म-संस्थापन कार्य को स्थायी बनाने के लिए शंकर ने सन्यासियों को संघबद्ध करने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया। अपनी शिक्षा-दीक्षा, उपासना तथा निवृत्ति के कारण सन्यासी समाज ही भलीभाँति उपदेशक हो सकता है। आचार्य ने इसीलिए उसे संघबद्ध करने का सफल प्रयास किया। वस्तुत: विरक्त पुरुष ही धर्म का सच्चा उपदेश दे सकता है तथा अपना जीवन वैदिक धर्म के अभ्युदय एवं विकास में लगा सकता है। शंकर ने इस विरक्त सन्यासी वर्ग को एकत्र कर एक संघ के रूप में संगठित कर वैदिक धर्म के भविष्यगत कल्याण के लिए महान्‌ कार्य किया। सन्यासी संघ की स्थापना राष्ट्र एवं धर्म के हित में शंकर का अत्यन्त गौरवशाली कार्य है।

चार मठों की स्थापना

आचार्य शंकराचार्य ने भारतवर्ष की धार्मिक व्यवस्था को अक्षुण्य बनाये रखने के लिये प्रख्यात तीर्थ-स्थानों में मठों की स्थापना की। चारों धाम के पास आचार्य ने चार विख्यात मठों की स्थापना की।

  1. गोवर्धनमठ : भारत के पूर्वी भाग में जगन्नाथ पुरी में प्रतिष्ठापित है।
  2. ज्योतिर्मठ : (प्रचलित नाम जोशी मठ) बदरिकाश्रम के पास उत्तर में स्थित है।
  3. शारदामठ : काठियावाड में द्वारिकापुरी में वर्तमान है।
  4. श्रृंगेरीमठ : मैसूर में दक्षिण भारत में है।

उसी दक्षिण भारत में सप्तमोक्षपुरियों में अन्यतम श्रीकाच्ची में भी मठ प्रतिष्ठापित है तथा तुङ्गभद्रा के नीर में कुडलि मठ स्थित है।

इसी तरह अन्यान्य स्थानों में भी कई मठ स्थापित हैं। इन पीठो के अधिपतियों का मुख्य कर्त्तव्य अंतर्भुक्त प्रान्तों के निवासियों को धर्मोपदेश करना तथा वैदिक मार्ग के ऊपर सुचारु रूप से चलने की व्यवस्था करना था। प्रत्येक मठ का कार्यक्षेत्र पृथक्‌-पृथक्‌ रखा गया था, परन्तु पारस्परिक सहयोग खूब था। मठ के अध्यक्षों का आज भी यह प्रधान कार्य है। अपने क्षेत्र के अंतर्गत वर्णाश्रम धर्मावलम्बियों में धर्म की प्रतिष्ठा को दृढ़ रखना तथा तदनुकूल उपदेश देना, ये अध्यक्ष आचार्य शंकर के प्रतिनिधि रूप हैं। इसी कारण ये भी शंकराचार्य कहलाते हैं।[1] मठों की स्थापना के अनन्तर आचार्य ने अपने चारों पट्ट-शिष्यो को इनका अध्यक्ष नियुक्त किया, यह सर्वसम्मत बात है।

मठों के आदि आचार्य और उनकी नियुक्ति

वैदिक सम्प्रदाय सें वेदों का सम्बन्ध भिन्न-भिन्न दिशाओं के साथ माना जाता है। ऋग्वेद का सम्बन्ध पूर्व दिशा से है, यजुर्वेद का दक्षिण दिशा से, सामवेद का पश्चिम से तथा अथर्ववेद का उत्तर से है। योगानुष्ठान के अवसर पर यही पद्धति प्रचलित है। शंकराचार्य ने शिष्यों की नियुक्ति मनमाने ढंग से नहीं की किन्तु इस चुनाव में उन्होंने एक विशिष्ट वैदिक नियम का पालन किया  है। जिस शिष्य का जो वेद था, उसकी नियुक्ति उसी वेद से संबद्ध दिशा से की गयी। आचार्य पद्मपाद काश्यपगोत्रीय ऋग्वेदी ब्राह्मण थे, अतः आचार्य ने उनकी प्रतिष्ठा ऋग्वेद से संबद्ध पूर्व दिशा के गोवर्धन मठ के अध्पक्ष पद पर की।[2]

दक्षिण के श्रृंगेरी मठ में सुरेश्वराचार्य की नियुक्ति प्रमाण-सम्मत प्रतीत होती है। इस कारण नहीं कि प्रधान पीठ पर सर्वप्रधान शिष्य को रखना न्याय संगत था, बल्कि उनके वेद के कारण ही। सुरेशवर शुक्ल यजुर्वेद के अन्तर्गत शाखाध्यायी ब्राह्मण थे। आचार्य  शंकराचार्य ने सुरेश्वर को दो उपनिषद्‌ भाष्यों पर वार्तिक लिखने का आदेश दिया था–एक तैतीरीय उपनिषद भाष्य पर, क्योंकि शंकराचार्य की अपनी शाखा तैत्तीरीय थी, दूसरी बृहदारण्यक भाष्य पर, क्योंकि सुरेश्वर की शाखा काण्व शाखा थी और वृहदारएयक उपनिषद्‌ इसी यजुर्वेद शाखा से संबद्ध है। यजुर्वेद से संबद्ध दिशा दक्षिण है। इसीलिये आचार्य ने काण्व शाखीय यजुर्वेदीय सुरेश्वर को श्रृंगेरी मठ का अध्यक्ष बनाया।[3]

तोटकाचार्य उत्तर दिशा में स्थित ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष बनाये गए थे। यह चुनाव इनके अथर्ववेदी होने के कारण किया गया था।

हस्तामलकाचार्य की नियुक्ति द्वारिकापुरी के शारदामठ के अध्यक्ष पद पर की गयी। इस नियुक्ति में भी उनके वेद का संबंध ही प्रधान कारण प्रतीत होता है। आदि आचार्यों की यही परम्परा न्यायानुमोदित प्रतीत होती है। अतः इन चारों मठों के आदि आचार्यों की निम्नलिखित व्यवस्था प्रामाणिक है –

आचार्य          वेद     दिशा मठ
पद्मपाद ऋग्वेदी पूर्व दिशा गोवर्धनमठ
सुरेश्वर यजुर्वेदी दक्षिण श्रृंगेरीमठ
हस्तामलक सामवेदी पश्चिम शारदामठ
तोटक अथर्ववेदी उत्तर ज्योतिर्मठ

(पुस्तक – श्री शंकराचार्य, बलदेव उपाध्याय, हिन्दुस्तान एकेडेमी इलाहाबाद, पृष्ठ 193)

ये मठ आज भी भारत की आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। समस्त देश को धार्मिक दृष्टि से विभाजित कर उन्हें इन्हीं पीठों के अध्यक्षों के अधीन कर दिया था, जिससे समस्त भारतीय जनता में सदैव धार्मिक जागृति समान रूप से बनी रहे। पीठ के प्रधान आचार्य अद्यपर्यन्त शंकराचार्य ही कहलाते हैं और जो कि घूम घृमकर लोगों में धार्मिक शिक्षा का प्रचार-प्रसार करते रहे हैं। इस प्रकार उनके द्वारा स्थापित चारों पीठों की भूमिका धर्म संस्कृति तथा शिक्षा का प्रसार करने वाले विश्वविद्यालय के समान रही है। वास्तव में आचार्य शंकर का यह पीठ-स्थापन-कार्य जनशिक्षा की दृष्टि से विश्व-शिक्षा के इतिहास में अद्वितीय उदाहरण है।[4]

[1] बलदेव उपाध्याय, श्री शंकराचार्य, हिन्दुस्तान एकेडेमी इलाहाबाद, द्वितीय संस्करण, 1963, पृष्ठ 191

[2] बलदेव उपाध्याय, श्री शंकराचार्य, हिन्दुस्तान एकेडेमी इलाहाबाद, द्वितीय संस्करण, 1963, पृष्ठ 192

[3] बलदेव उपाध्याय, श्री शंकराचार्य, हिन्दुस्तान एकेडेमी इलाहाबाद, द्वितीय संस्करण, 1963, पृष्ठ 192

[4] भीष्म दत्त शर्मा, महान शिक्षा दार्शनिक के रूप में आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य, अनु प्रकाशन, मेरठ, प्रथम संस्करण, 1985, पृष्ठ 57

श्री आदिगुरु शंकराचार्य 

जयंती वैशाख शुक्ल पंचमी (21 अप्रैल 2026)

 Article Posted on 21,04,2026 Time 08.51 AM Tuesday

श्री आदिगुरु शंकराचार्य का जन्म दक्षिण भारत के केरल प्रदेश के कालड़ी (कालटी/कालादि) नामक ग्राम में हुआ ऐसा माना जाता है। बाल्यकाल से ही वे अत्यंत कुशाग्र बुद्धि और प्रतिभाशाली थे। उन्होंने अपनी मातृभाषा के साथ-साथ वेद, उपनिषद, पुराण और अन्य शास्त्रीय विषयों का अध्ययन अल्पायु में ही प्रारंभ कर दिया। उनके पिता का देहांत बचपन में ही हो गया, जिसके बाद उनकी माता ने उनका उपनयन संस्कार कराकर उन्हें गुरुकुल में विधिवत् शिक्षा हेतु भेजा। वहाँ उन्होंने वेद-शास्त्र, वेदांग, दर्शन आदि का गहन अध्ययन किया और शीघ्र ही अपनी विलक्षण प्रतिभा के कारण विद्वानों में प्रतिष्ठा प्राप्त की।

यद्यपि उनके जीवन से जुड़ी अनेक घटनाएँ परंपरागत कथाओं पर आधारित हैं, तथापि यह निर्विवाद है कि वे अत्यंत कम आयु में ही उच्च कोटि के विद्वान और आचार्य के रूप में प्रसिद्ध हो गए थे। उनकी विद्वता और शिक्षण-कौशल के कारण अनेक जिज्ञासु उनके संपर्क में आए और उनसे प्रभावित हुए।

आदिगुरु शंकराचार्य द्वारा रचित प्रमुख ग्रंथों में उपनिषदों, ब्रह्मसूत्र तथा श्रीमद्भगवद्गीता पर लिखे गए भाष्य विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। भाष्यकार के रूप में उनका स्थान भारतीय दर्शन के इतिहास में अद्वितीय है। उनकी व्याख्या-शैली तार्किक, गूढ़ और अत्यंत प्रभावशाली मानी जाती है। उनके ग्रंथ केवल दार्शनिक सिद्धांतों का प्रतिपादन ही नहीं करते, बल्कि साहित्यिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने अद्वैत वेदांत के सिद्धांत को सुदृढ़ रूप से स्थापित किया और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को एक नवीन दार्शनिक आधार प्रदान किया। उनके विचारों में समन्वय, एकत्व और सार्वभौमिकता का संदेश निहित है। इसी कारण वे केवल एक दार्शनिक ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक के रूप में “जगद्गुरु” के रूप में प्रतिष्ठित हुए।

आदि शंकराचार्य ने ‘अद्वैत वेदांत’ का सिद्धांत दिया, जिसका मूल भाव है – ‘ब्रह्म सत्य है, जगत मिथ्या है, जीव और ब्रह्म एक हैं।‘ इस सिद्धांत ने यह स्पष्ट किया कि सभी जीवों में एक ही परमात्मा का अंश है, जिससे मानव मात्र की एकता का संदेश मिलता है।

 

 

जगदगुरु श्री शंकराचार्य पर विचार

दीनदयाल उपाध्याय

  • भारतीय राष्ट्र-जीवन में भगवान श्री कृष्ण के पश्चात श्री शंकराचार्य का ही आविर्भाव राष्ट्र की मूलभूत एकता को व्यावहारिक स्वरूप देने में समर्थ हुआ।
  • भगवान कृष्ण ने गीता के द्वारा भिन्न-भिन्न विचार-धाराओं में एकात्मता निर्माण करने का प्रयत्न किया तथा राष्ट्र की इस एकात्मता को धर्मराज युधिष्ठिर के चतुरन्त साम्राज्य के रूप में स्थापित किया। आचार्य शंकर ने यद्यपि धर्मराज के समान किसी राजनैतिक महापुरुष को भारतीय एकता का प्रतीक नहीं बनाया, किन्तु राष्ट्र-जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में एकता का निर्माण करके तथा उस एकता के संस्कारों को डालने वाली परम्परा को पुष्ट करके जो सांस्कृतिक जीवन की एकात्मता को शक्ति दी है, उसके कारण आज तक छिन्न-विच्छिन्न होने पर भी भारत आंतरिक एकता को सत्यसृष्टि में परिणत करने को लालायित है।
  • अनेक में एक के अपने प्राचीन सिद्धांत को आचार्य शंकर ही आत्मिक, भौतिक, नैतिक, धार्मिक, सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्रों में अपने अद्वैत के सिद्धान्त का प्रतिपादन करके व्यावहारिक जगत में लाये। यही सिद्धांत मानव मात्र की शांति और कल्याण का कारण होगा।[1]
  • आचार्य शंकर के सिद्धान्त और प्रयत्नों के परिणामस्वरूप भारतवर्ष एक ओर तो रूढ़िवादी कर्मकाण्ड और दूसरी ओर नास्तिकवादी जड़वाद के गर्त में गिरने से बच गया।
  • आचार्य शंकर ने भारतवर्ष का उद्धार किया, हम भी अपने इस महान राष्ट्र-पुरुष के प्रति इससे अच्छी कौन सी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं कि उनके इस एकत्व के सिद्धान्त को अपने जीवन में लाकर पुनरपि भारतवर्ष को उन्नत एवं वैभवशाली बनावें।
  • बत्तीस वर्ष की आयु में इतना महान कार्य करने वाले आचार्य शंकर के अखण्ड कर्ममय जीवन से हमारे जीवन को भी कर्म की स्फूर्ति प्रदान हो तथा अपने पुरुषार्थ, निश्चय निष्ठा और त्याग के बल पर अद्वैत के सत्य सिद्धान्तों के द्वारा सम्पूर्ण संसार को सच्ची शान्ति का सुख देकर उन्हें जगद्‌गुरु के वास्तविक पद पर आसीन करावें। यही है उनका पुण्य स्मरण एवं उनकी सच्ची पूजा।[2]
  • शंकराचार्य ने समस्त हिन्दू-राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने एवं उसे संगठित करने का प्रयास किया। देश के चारों कोनों पर चार धामों के प्रति श्रद्धा केन्द्रित करते हुए उन्होंने सम्पूर्ण भारतवर्ष की, मातृ- भू की मूर्ति जन-जन के ह्रदय पर अंकित कर दी।… चार धामों के समान ही उन्होंने शंकराचार्यों की अध्यक्षता में भारत के चारों कोनों में चार मठ स्थापित किये।[3]

पं० बलदेव उपाध्याय

  • आद्य जगदुगुरु शंकराचार्य का जीवन-चरित्र भारतवासियों के लिए सदैव से प्रेरणास्रोत रहा है। आचार्य शंकर के जीवन चरित की आधुनिक युग में उपादेयता बताते हुए पं० बलदेव उपाध्याय लिखते हैं, “राजनीतिक आन्दोलन के इस युग में हम अपने धर्म संरक्षक तथा प्रतिष्ठापकों को एक प्रकार से भूलते चले जा रहे हैं परन्तु शंकराचार्य का पावन चरित्र भुलाने की वस्तु नहीं है, वह निरन्तर मनन करने की चीज है। आचार्य का हमारे ऊपर इतना अधिक उपकार है कि उनकी जयंती हमारे लिए राष्ट्रीय पर्व है, उनका चरित्र परमार्थ के मार्ग पर चलने वालों के लिए एक बहुमूल्य सम्बल है।“[4]

विष्णु प्रभाकर

  • अपनी पुस्तक ‘शंकराचार्य’ में प्रभाकर लिखते हैं, “सारे भारत में जिसने एक आत्मा की, एक ज्योति की, कल्पना की, सभी जीवों को जिसने ब्रह्म माना, उस अनोखे आचार्य को हम बार-बार प्रणाम करते हैं। जिसने केवल दिलों को नहीं हिलाया, दिमाग पर भी चोट की, बुद्धि के सहारे विवेचन किया और जनसाधारण के दिलों को जीत लिया, उस अनोखे जादूगर को हम बार-बार प्रणाम करते हैं।“[5]

[1] दीनदयाल उपाध्याय, जगदगुरू श्री शंकराचार्य, लोकहित प्रकाशन, पृष्ठ 102

[2] दीनदयाल उपाध्याय, जगदगुरू श्री शंकराचार्य, लोकहित प्रकाशन, पृष्ठ 102

[3] दीनदयाल उपाध्याय, जगदगुरू श्री शंकराचार्य, लोकहित प्रकाशन, भूमिका (मनोगत) से उद्धृत

[4] प. बलदेव उपाध्याय (चार शब्द), श्री शंकर दिग्विजय (माधवकृत) श्री श्रवणनाथ ज्ञानमंदिर, हरिद्वार, पृष्ठ 26

[5] विष्णु प्रभाकर, शंकराचार्य, पृष्ठ 36

घर में दंपत्ति को चाकुओं से गोद डाला


*घर में पाँलिश कारीगर व पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या*

-सिविल लाइंस में डबल मर्डर
-शहर में चक्कर की मिलक में देर रात हुईं सनसनीखेज वारदात
-बच्चों की गुहार पर भी नहीं पसीजे हत्यारोपी, चाकुओं से ताबड़तोड़ किए वार
-16 हजार रुपए का विवाद बना डबल मर्डर की वजह

Post on 21.4.26
Tuesday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
सोमवार रात शहर में चक्कर की मिलक में एक दंपति की बेदर्दी से हत्या हो गई। डबल मर्डर की खबर से सनसनी मच गई। दोहरे मर्डर की सूचना पर डीआईजी, एसएसपी ने घटनास्थल पहुंचे और मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सुराग जुटाए हैं।हत्या की वजह 16 हजार रुपए का विवाद बना।
घटना सिविल लाइंस क्षेत्र में चक्कर की मिलक की है।बर्तन की पाँलिश के कारीगर राजा (30) ने पड़ोसी फहीम से 2 लाख 40 हजार रुपए में मकान खरीदा। बताते है कि राजा ने दो लाख रुपए देकर मकान का कब्जा ले लिया। घर में राजा अपनी पत्नी फरा, आठ साल की बेटी अफ्शा, 5 साल का आतिफ व डेढ़ साल के दूसरे बेटे अब्बास के साथ रहने लगा।राजा ने फ़हीम से रजिस्ट्री कराने को कहा। बकाए पैसे का विवाद खूनी संघर्ष की वजह बन गया।
दरअसल फहीम 24 हजार की बजाय 40 हजार रुपए लेकर रजिस्ट्री कराने को कहा। सोलह हजार रुपए की खातिर सोमवार को हुआ विवाद खूनी रूप ले गया।
रविवार की शाम को इसी विवाद में हुईं कहासुनी के बाद राजा ने फहीम की पिटाई कर दी। इसके बाद सोमवार की रात को फहीम का बेटा फरजंद, चचेरे भाई और एक अन्य के साथ घर में राजा के घर पहुंचा।आरोपियों ने राजा से मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आई पत्नी फरा कोपीट दिया। आरोप है कि हमलावरों ने राजा और पत्नी फरा को चाकुओं के कई वार किए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सिविल लाइंस में डबल मर्डर की सूचना से हड़कंप मच गया।डीआईजी मुनिराज,एसएसपी सतपाल अंतिल,एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह समेत अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।हमलावरों की तलाश की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी का दावा किया है।

बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ने पर शिव सेना का विरोध

Posted on 21.04.26
Monday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
ठाकुरद्वारा में बाबा साहब डॉ अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने पर शिव सेना ने विरोध जताया।शिव सेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के समर्थकों संग ग्राम नारायणपुर जाने के ऐलान से पुलिस प्रशासन सतर्क हो गए। पुलिस ने शिव सेना प्रमुख को घर से बाहर नहीं जाने दिया। पुलिस ने पार्टी नेता को पूरे समय नजरबंद रखा।
पार्टी के जिला प्रमुख ने इस मामले को इस मामले में एसपी देहात और सीओ से भी रखा।
शिवसैनिकों ने मामले में निष्पक्ष जांच न होने पर ठाकुरद्वारा में बड़े आंदोलन की चेतावनी दीं।
शिवसेना प्रतिनिधि मंडल में वीरेन्द्र अरोड़ा,कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय,शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, पंकज पाल, दीपक,रिंकू,सुरेश सैनी,अशोक सैनी, शरद कपूर आदि रहे।

April 20, 2026

केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को और बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार को खुलेंगे

देहरादून, 20 अप्रैल 26, कल से शुरू हुई गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिला मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन ने यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस बीच, केदारनाथ मंदिर को पुष्पों से सजाने का काम शुरू हो गया है। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी प्रतिमा की पालकी रात्रि विश्राम के लिए गौरीकुंड पहुंच गई है। इसके अलावा, चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिला और पुलिस प्रशासन ने सुचारू और सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

« Newer PostsOlder Posts »