Web News

www.upwebnews.com

श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की शहादत पर भव्य छबील एवं भंडारे का आयोजन

June 18, 2026

श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की शहादत पर भव्य छबील एवं भंडारे का आयोजन

लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली रोड स्थित मंडीप क्लॉथ हाउस के समक्ष पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की पावन शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धापूर्वक भव्य छबील एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शीतल मीठे जल तथा प्रसाद का वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान गुरु महाराज के बलिदान, मानव सेवा, प्रेम, भाईचारे एवं धार्मिक सद्भावना के संदेश को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने बताया कि श्री गुरु अर्जन देव जी ने धर्म एवं मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसे सिख समाज सदैव श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मरण करता है।भंडारे में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से प्रसाद वितरण किया तथा राहगीरों को शरबत एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही और पूरे वातावरण में श्रद्धा, सेवा तथा भाईचारे की भावना देखने को मिली।इस अवसर पर आयोजकों ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए गुरु महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन अरदास एवं गुरु महाराज के जयघोष के साथ हुआ।

पसगवां ब्लॉक में पोषाहार वितरण ठप, 1076 पर शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन

पसगवां-खीरी।लखीमपुर खीरी जिले की मोहम्मदी तहसील के अंतर्गत आने वाले पसगवां ब्लॉक में गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले सरकारी पोषाहार वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली और लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को महीनों से पोषाहार सामग्री नहीं मिल रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।मामले को लेकर स्थानीय पीड़ितों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत संख्या 92615300056844 भी दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज हुए आज आठ दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे अधिकारी 1076 हेल्पलाइन का भी मज़ाक बना रहे हैं। व्यवस्था देखकर लगता है कि यहाँ सब कुछ केवल कागजों तक ही सीमित है।
ग्रामीणों का सवाल- कहाँ जा रहा है पोषाहार
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नियमानुसार हर महीने गर्भवती महिलाओं को पोषाहार मिलना अनिवार्य है। मगर पसगवां ब्लॉक में स्थिति बिल्कुल उलट है। पीड़ितों का कहना है कि जब पोषाहार का वितरण यहाँ नहीं किया जा रहा है, तो आखिर यह सरकारी राशन जा कहाँ रहा है? शिकायत करने पर अधिकारी केवल खानापूर्ति करके मामले को रफा-दफा कर देते हैं।
इस संबंध में जब ब्लॉक के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, तो उनका रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा। अधिकारियों की तरफ से ‘हाँ ठीक है, मिल जाएगा’ कहकर बात को टाल दिया जाता है। हद तो तब हो गई जब इस गंभीर अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोपों की जानकारी लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा। शासन की इस अनदेखी से स्थानीय जनता और गर्भवती महिलाओं के परिवारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

विकसित भारत सम्मेलन’ में बोले अजय मिश्रा – मोदी सरकार के 12 साल विकास

लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत सभागार में रविवार को ‘विकसित भारत सम्मेलन’ आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा और विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने शिरकत की।अजय मिश्रा ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष पूरे किए हैं। इन वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक प्रतिष्ठा में नई उपलब्धियां हासिल कीं। सेवा, सुशासन और जन भागीदारी के संकल्प से भारत आज विश्व मंच पर सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में पहचान बना रहा है।अर्चना मिश्रा ने कहा 12 साल की विकास यात्रा में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई। महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयासों से आम जनजीवन को सरकार की सुविधाएं मिलीं। चौड़ी सड़कें, पीएम आवास, उज्ज्वला योजना,डीवीटी मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, कौशल विकास, मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना जैसी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिला है।इससे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने प्रस्तावना में मोदी सरकार की योजनाओं और 12 साल के विकास कार्यों का विस्तार से जिक्र किया। सम्मेलन का संचालन रामजी मौर्य व जितेंद्र साहनी ने किया।कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ता संघ से ओमप्रकाश पटेल, डॉ. रमन मिश्रा, डॉ. डी.एन. मालपानी, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, जितेन साहनी, डॉ. अखिलेश वर्मा, मनोज वर्मा, राजेश सिंह, किरण अग्रवाल, संगीता पुरी, जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्र सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर, वकील व समाजसेवी उपस्थित रहे। इससे पहले फरिहा मैदान पर ‘मोदी सरकार के 12 साल – विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के’ विषय पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन अरविंद गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

June 13, 2026

पलिया के मजगई में ‘खेत बचाओ अभियान’, जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को दी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

लखीमपुर खीरी। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने आज विकास खण्ड पलिया के ग्राम मजगई में किसानों के साथ संवाद किया। यह कार्यक्रम “खेत बचाओ अभियान” के तहत हुआ।कृषि अधिकारी ने धान और गन्ने में यूरिया की वैज्ञानिक टॉप ड्रेसिंग, कीट-रोग प्रबंधन, उर्वरक-रसायनों के संतुलित उपयोग, भूमि शोधन और बीज शोधन पर किसानों को जागरूक किया। फार्मर रजिस्ट्री, कृषि यंत्रीकरण योजनाएं और अनुदानित दर पर बीज की जानकारी भी दी गई। किसानों से लागत घटाकर उत्पादकता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तकनीक अपनाने की अपील की गई।गुणवत्ता नियंत्रण के तहत पलिया में बीज और कीटनाशी दवाओं के 4 नमूने संग्रहित किए गए। संवाद में ग्राम प्रधान, सहायक विकास अधिकारी कृषि, विभागीय कार्मिक और करीब 50 किसान मौजूद रहे।

ट्रैक्टर पलटने से किशोर चालक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

तिकुनियां खीरी
क्षेत्र की ग्राम पंचायत इंद्रनगर में ट्रैक्टर पलटने से एक किशोर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इंद्रनगर निवासी हरप्रीत सिंह (15 वर्ष) ट्रैक्टर चला रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर नेपाल की ओर से खखरौला एसएसबी कैंप के पीछे स्थित बांध मार्ग से आ रहा था। इसी दौरान चालक का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर सोनालिका कंपनी का प्रतीत हो रहा है तथा उसके संबंध में कुछ तथ्य संदिग्ध पाए गए हैं। ट्रैक्टर के नेपाल से आने की बात भी सामने आई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »