Web News

www.upwebnews.com

गगहा में हत्या के मामले का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

February 23, 2026

गगहा में हत्या के मामले का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

22/02/2026

*शराब के नशे में लाठी-डंडे से वार कर महिला की हत्या का आरोप*

गोरखपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गगहा पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैली रही।
थाना गगहा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 66/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त जयगोविन्द पुत्र राममिलन, निवासी पूरे, थाना गगहा जनपद गोरखपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
घटना के संबंध में बताया गया कि दिनांक 20/21 फरवरी 2026 की रात्रि में अभियुक्त ने शराब के नशे में एक महिला पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण पीड़िता की मृत्यु हो गई। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराधों पर सख्त नजर रखी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।

February 22, 2026

शिक्षक ने की आत्महत्या लिपिक की प्रताड़ना से था परेशान , सुसाइड नोट में जिक्र है 16 लाख का

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

Date 22/02/2026

*सरकारी तंत्र ने ले ली एक मासूम शिक्षक की जान, परिवार हुआ बेसहारा*

गोरखपुर – देवरिया के बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय के सिस्टम ने एक शिक्षक की जान ले ली । हाई कोर्ट के आदेश के बाद भी शिक्षक का वेतन भुगतान नहीं किया गया। शिक्षक के पास से मिले सुसाइड नोट में आरोप है की कर्ज लेकर एक बाबू को उसने 16 लख रुपए दे दिया बावजूद इसके भुगतान न होने पर मायूस शिक्षक ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कर दिया । अब बीएसए कार्यालय जांच के घेरे में आ गया है। बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों से लेकर अधिकारी तक कुछ भी कहने को तैयार नहीं है ।
आपको बताते चलें कि गोरखपुर के शिवपुर शाहबाजगंज में शनिवार की सुबह आत्महत्या करने वाले शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित कर चार पेज का सुसाइड नोट लिखा है जिसमें देवरिया के बेसिक शिक्षा विभाग के एक लिपिक पर 48 लाख रुपए रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है। शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह देवरिया के गौरी बाजार स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरान में कार्यरत थे कई वर्षों से रुके वेतन के भुगतान को लेकर वह बीएसए कार्यालय देवरिया में तैनात बाबू से लगातार मिलते रहे और उसे 16 लाख घूस भी दिए । सुसाइड नोट में शिक्षक ने लिखा है कि वह मारना नहीं चाहता था अपने परिवार के लिए जीना चाहता था लेकिन उसे मरने के लिए मजबूर किया गया है। सुसाइड नोट के अनुसार तीन शिक्षक कृषि लघु माध्यमिक विद्यालय गौरी बाजार देवरिया में कार्य थे वर्ष 2021 में नियुक्ति संबंधित जांच के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और मामला हाई कोर्ट तक गया । आरोप है कि बाद में बीएससी कार्यालय के बाबू ने मामले में राहत दिलाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 20 लख रुपए की मांग की थी जिसे बाद में 16 लाख रुपए प्रति व्यक्ति तय किया गया । नोट में लिखा है कि 27 जुलाई को देवरिया में बीएसए कार्यालय के पास पौधशाला के निकट घूस की पहली किस्त दी गई शेष रकम अलग-अलग तिथियां में दी गई। आरोप है कि रुपए की व्यवस्था करने के लिए शिक्षक ने पत्नी के गहने गिरवी रखे , जमीन रेहन रखी और बैंक से कर्ज भी लिया कृष्ण मोहन ने 17 नवंबर को बैंक शाखा पादरी बाजार से 7 लाख रुपए भी निकले थे। शिक्षक ने अपने पूर्व प्रधानाध्यापक पर भी आरोप लगाया है कि उन्होंने बीएसए कार्यालय में संपर्क कराया था।

*अपमान और कर्ज से टूट चुके थे शिक्षक कृष्ण मोहन*
अपने सुसाइड नोट में शिक्षक कृष्ण मोहन ने लिखा है कि कर्ज के बोझ और अपमान से वह टूट चुके थे उनकी आत्महत्या के जिम्मेदार बीएसए कार्यालय से संबंधित अधिकारी हैं शुक्रवार को मुझे बीएसए ऑफिस बुलाकर जलील किया गया जिसे मैं बर्दाश्त नहीं कर पाया और मैं आत्महत्या के लिए मजबूर हो गया उन्होंने अपने परिवार को परेशान न करने की अपील करते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है । पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपो की सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
*खुदकुशी के पहले बनाया था वीडियो*

कुशीनगर जिले के हरैया बुजुर्ग के मूल निवासी और वर्तमान में गोरखपुर के गुलहरिया थानाक्षेत्र स्थित शिवपुर शाहबाजगंज में अपने भाई के साथ रहने वाले शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने खुदकुशी से पहले एक वीडियो भी बनाया था जो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमे उन्होंने कहा है कि नौकरी के लिए दिए गए 16 लाख रुपए डूब गए ।

February 21, 2026

चौरी चौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के आरोप में 16 अभियुक्त गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
Date 21/02/2026

*दो सोने की चेन सहित नकदी, वाहन व अन्य सामान बरामद*


गोरखपुर। जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना चौरी चौरा पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अभियुक्तों/अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो अदद पीली धातु की चेन (माल मुकदमाती), 45,940 रुपये नकद, पांच चारपहिया वाहन, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना चौरी चौरा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 63/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्ता मन्जू एवं सुनीता के कब्जे से मुकदमे से संबंधित दो पीली धातु की चेन बरामद होने पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
इसके अतिरिक्त आरोपितों के कब्जे से 08 नेलकटर, 04 रबर के नकली सांप, 03 रबर की नकली छिपकली, 02 झांग भटकुईयां, 05 चारपहिया वाहन, 04 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा चिटबंदी में कुल 45,940 रुपये बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना चौरी चौरा पर मु0अ0सं0 64/2026 धारा 310(4) बीएनएस एवं 207 एमवी एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है।
घटना का विवरण
दिनांक 20 फरवरी 2026 को अज्ञात महिलाओं द्वारा वादिनी एवं उसकी बहन की दो सोने की चेन तथा एक अंगूठी चोरी कर ली गई थी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चौरी चौरा पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह का खुलासा करते हुए 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। जनपद में चोरी एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गोरखपुर में छात्र नेता के घर फायरिंग

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

Date 21/02/2026

बाइक सवार बदमाशों ने तोड़फोड़ कर फैलाई दहशत, महिला से भी की मारपीट

गोरखपुर, 21 फरवरी, कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर उत्तरी मोहल्ले में शुक्रवार की देर रात सपा छात्र नेता के घर बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बाइक से आए बदमाशों ने घर के बाहर तोड़फोड़ भी की।

विरोध करने पर घर में मौजूद छात्र नेता की मां से मारपीट की गई। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ भारी फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर कर रही हैं पूछताछ।

कोतवाली क्षेत्र निवासी उज्ज्वल यादव सपा के छात्र नेता हैं। वर्तमान में बाहर गए हुए हैं। घर पर उनकी मां संध्या, पिता अंबुज और दो बहनें रहती हैं। शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे दो बाइक पर सवार 04 युवक उनके घर के सामने पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर दाएं-बाएं दिशा में आठ राउंड फायरिंग की।

पुलिस को मौके से आठ खोखे बरामद हुए हैं। परिजनों का आरोप है कि फायरिंग के दौरान आरोपियों ने संध्या का मुंह दबा दिया और उनके साथ मारपीट की। गोली चलने की आवाज से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। जांच में सामने आया है कि एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले में आर्थक सिंह, अनिस सहित चार लोगों का नाम सामने आया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना की सूचना पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त और सीओ कैंट योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई।

*गोरखपुर में दो गुटों में चले ईंट-पत्थर, सड़क पर 10 मिनट तक मचा तांडव*

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
Date 21/02/2026

*गोरखपुर।* तिवारीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी की घटना सामने आई। इस दौरान करीब 10 मिनट तक सड़क पर हंगामे का माहौल बना रहा। दबंग युवकों ने एक दुकान में घुसकर ईंट-पत्थर चलाए और बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे दुल्हन मैरेज हाउस के पास स्थित एक चाय की दुकान पर रूद्रपुर और अंधियारीबाग के युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। एक पक्ष के 10 से अधिक युवक दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और दुकान में घुसकर हमला कर दिया।

हमले के दौरान दुकान पर मौजूद दूसरे गुट के युवक अपनी जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए। इस बीच हमलावरों ने बाहर खड़ी गाड़ियों पर भी ईंट-पत्थर बरसाए। वहीं छत पर मौजूद युवक भी नीचे खड़े हमलावरों पर चिल्लाते रहे। हमलावर युवक हाथों में बेल्ट लहराते हुए गालियां देते और धमकियां देते नजर आए।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक खुलेआम उत्पात मचाते दिखाई दे रहे हैं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

थाना प्रभारी के साथ दो चौकी इंचार्ज आरोपियों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस के मुताबिक अंधियारीबाग और तरंग क्रॉसिंग के युवकों के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसके चलते यह घटना हुई। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »