हाथरस। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सूचना कार्यालय, हाथरस द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराना है।प्रदर्शनी में ‘युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित सरकार की उपलब्धियां’, ‘उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी वृहद इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं’, ‘आध्यात्मिक केंद्रों का विकास एवं पर्यटन संवर्धन’, ‘आंतरिक सुरक्षा का सुदृढ़ मॉडल’ तथा ‘विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ जैसे विषयों को आकर्षक चित्रों और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, आधुनिक हवाई अड्डों, औद्योगिक गलियारों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, निवेश तथा रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों से अवगत कराते हुए उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। प्रदर्शनी के प्रति आमजन में विशेष उत्साह और रुचि देखने को मिली।
——————————
